चंदौली: गैंगस्टर के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर युवती की हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी पर बोला हमला
मनराजपुर निवासी कन्हैया यादव गैंगेस्टर का आरोपी है और जिला बदर भी है। उसी की तलाश में पुलिस गई थी और उसकी लड़कियों को इतना पीटा कि एक की मौत हो गई। वहीं घायल अवस्था में गुंजा ने डीएम और एसपी को बयान दे दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंदौली जिले के मनराजपुर गांव में जिला बदर गैंगस्टर के आरोपी कन्हैया यादव की तलाश में रविवार शाम को पहुंची पुलिस पर उसकी दो बेटियों को पीटने का आरोप है। इसमें एक बेटी की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पैंथर टीम के दो सिपाहियों को दौड़ा लिया। एक ने भागकर जान बचाई। दूसरे पुलिसकर्मी हवलदार छविनाथ गौतम की लोगों ने पिटाई कर दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने सैयदराजा-जमनिया मार्ग पर ट्रैक्टर लगाकर जाम कर दिया। इस दौरान ट्रक और प्राइवेट एंबुलेंस का शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद डीएम संजीव सिंह, एसपी अंकुर अग्रवाल और कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सपा के नेतागण भी मौके पर पहुंच गए थे।
आरोपी इंस्पेक्टर को एसपी ने किया निलंबित
इस मामले में एसपी ने सैयदराजा इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह को निलंबित कर जांच के निर्देश दे दिए हैं। सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर निवासी कन्हैया यादव गैंगेस्टर का आरोपी है और जिला बदर भी है। रविवार की शाम कन्हैया की तलाश में पुलिस उसके घर गई थी। आरोप है कि पुलिस ने उसकी बेटियों निशा यादव उर्फ गुड़िया (22) और गुंजा (18) को इतना पीटा कि गुड़िया की मौत हो गई।
गांव पहुंचे कई सपा नेता
घटना के बाद जिले में हड़कंप की स्थिति बन गई। सपा के पूर्व सांसद राम किशुन यादव, सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव, सपा जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर, चंद्रशेखर यादव, बलराम यादव, सुधाकर कुशवाहा पहुंच गए और न्याय की मांग करने लगे। वहीं कुछ देर बाद पहुंचे डीएम संजीव सिंह और एसपी अंकुर अग्रवाल ने चोटिल युवती से उसका बयान लिया।
घायल गुंजा ने बयान देते हुए बताया कि हमलोगों की पिटाई पुलिस ने की है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई गै। उधर, कन्हैया यादव ने सैयदराजा इंस्पेक्टर पर अपनी बेटी निशा की हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी को तहरीर देकर आरोप लगाया कि घर में किसी पुरुष सदस्य के न रहने पर घुसे इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों ने मेरी दो बेटियों को इतना पीटा कि एक की मौत हो गई।
उधर, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिस पैंथर टीम के दो सिपाहियों को दौड़ा लिया। एक पुलिसकर्मी दौड़कर भाग गया। वहीं दूसरे पुलिसकर्मी हवलदार छविनाथ गौतम की लोगों ने खूब पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के ही एक व्यक्ति ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके बाद सैयदराजा-जमनिया मार्ग को ट्रैक्टर लगाकर जाम लगा दिया। इस दौरान एक ट्रक और प्राइवेट एंबुलेंस के शीशे तोड़ डाले। ग्रामीण आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
चंदौली एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि सैयदराजा थाना क्षेत्र का एक वीडियो शाम छह बजे के आसपास वायरल हुआ जिसमें एक महिला का मृत्यु होना बताया जा रहा है। मनराजपुर के गैंगस्टर के आरोपी कन्हैया यादव के खिलाफ एनबीडब्ल्यू निकला हुआ था। इंस्पेक्टर द्वारा बताया गया कि चार बजे दबिश देने के लिए महिला पुलिस के साथ गए थे।
उसकी इंट्री और वीडियो भी है। खोजबीन में जब कन्हैया नहीं मिला तो पुलिस आगे चली गई। इसके बाद वीडियो वायरल हो गया। इस मामले में जांच बैठाई गई है। पुलिस की लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी। प्रथम दृष्टया यह लग रहा कि महिला की मौत घर के किसी कारण से या फिर सुसाइड करने से हुई है। मामले की जांच की जा रही है।-, ,
दोषी पुलिसकर्मियों पर हो हत्या के केस की मांग
समाजवादी पार्टी के ट्वीटर अकाउंट से युवती का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा गया कि-‘यूपी में पुलिस हत्यारी बन चुकी है। निरंतर निर्दोष नागरिकों की बीजेपी सरकार द्वारा प्रायोजित हत्या हो रही है। चंदौली में घर में घुसकर पुलिसकर्मियों द्वारा दो बेटियों की बर्बर पिटाई में एक बेटी की मृत्यु, अत्यंत दुखद। दोषी पुलिसकर्मियों पर हो हत्या का केस, मिले कठोरतम सजा’।