वाराणसी में छात्रा से दरिंदगी का मामला: आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस, एसआईटी के सवालों से छूट रहे स्कूल प्रबंधन के पसीने
वाराणसी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में शुक्रवार को कक्षा तीन की छात्रा से सफाईकर्मी ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त ने इस मामले में गठित की एसआईटी स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपी पर एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के लहरतारा स्थित निजी स्कूल की कक्षा तीन की छात्रा के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी सफाईकर्मी अजय कुमार उर्फ सिंकू को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। सिगरा पुलिस ने कोर्ट में रिमांड की अर्जी दाखिल कर दी है। वहीं मामले की जांच को लेकर पांच सदस्यीय गठित एसआईटी के सवालों से स्कूल प्रबंधन के पसीने छूट रहे हैं।
एसआईटी की जांच में अब तक यह सामने आया है कि सफाईकर्मी को काम पर रखने के दौरान उसकी तहकीकात नहीं कराई गई और न ही उससे उसका पहचान पत्र और सत्यापन कराया गया। यही नहीं, यह भी जांच में तथ्य सामने आए कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी भी सही ढंग से नहीं की जाती थी।
स्कूल प्रबंधन को सिगरा पुलिस ने नोटिस जारी करते हुए यह कहा है कि जांच में सहयोग करते रहेंगे। एफआईआर का जिक्र करते हुए एसआईटी ने यह भी सवाल पूछा है कि स्कूल में कितने महिला और पुरूष कर्मी हैं। छात्राओं के लिए शौचालय कितने हैं? आखिर क्यों छात्रा को दूसरे तल पर वाशरूम के लिए जाना पड़ा? इस तरह के सवालों से स्कूल प्रबंधन बगली झांक रहा है। वहीं दूसरे दिन भी सामाजिक संगठनों की ओर से स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की गई।
एसआईटी को लीड कर रहे डीसीपी वरुणा विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में आवेदन किया गया है। टीम इस प्रकरण की जांच कर रही है।
छात्रा को न्याय दिलाने के लिए गुजराती समाज भी आया आगे
छात्रा को न्याय दिलाने और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग को लेकर काशी गुजराती समाज ने आंदोलन की चेतावनी दी है। रविवार को बैठक करते हुए समाज के अध्यक्ष अनिल शास्त्री ने कहा कि यह घटना काशी को शर्मसार करने वाली है। यह बड़ी घटना स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से घटित हुई है। यदि स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज चुप नहीं बैठेगा। इस दौरान विवेक पारिख, दिनेश बजाज, राजकुमार दास, रोशन गुजराती, विशाल पारिख, अश्विन पारिख, सुनीता गुजराती ने भी विचार व्यक्त किया।
छात्रा के संग हुई दरिंदगी के विरोध में आप का प्रदर्शन
निजी स्कूल में छात्रा संग हुई दरिंदगी मामले में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने रविवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मांग की कि स्कूल प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई करते हुए स्कूल की मान्यता रद्द की जाए और प्रबंधन पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करते हुए छह माह के अंदर दोषी को सजा दिलाई जाए।
प्रदेश सचिव कृष्ण कांत तिवारी व जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, घनश्याम पांडेय ने कहा कि स्कूल प्रबंधन पर भी कार्रवाई की जाए। नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
प्रदर्शन में जिला सचिव अखिलेश पांडेय, दीनानाथ सिंह वीरेंद्र प्रताप , विजय कुमार, माया शंकर पटेल, गुलाब सिंह राठौर, रोशन कुमार बरनवाल , रेखा, विनोद जायसवाल, अर्चना श्रीवास्तव, जेपी दुबे, मनीष गुप्ता ,अब्दुल रकीब हैप्पी, महफूज राजीव भारद्वाज हुसैन, डॉ आसिफ खान, सरोज शर्मा ,रोहित मौर्य, पल्लवी वर्मा ,सेतु पति त्रिपाठी ,अमर सिंह पटेल, नियाज अहमद, सत्यपाल, रमेश पटेल, गोपाल पांडेय मौजूद रहे।