वाराणसी : दरेखू में बंद ऑक्सीजन प्लांट जल्द शुरू होगा, जिलाधिकारी ने तैयारियां तेज करने का दिया निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में ऑक्सीजन की क़िल्लत को देखते रोहनियां के दरेखू में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट कामरूप इंडस्ट्रियल गैसेज लिमिटेड को शुरू किया जा रहा है। इसके लिए प्लांट के उद्यमी को व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि वर्तमान में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के समुचित उपचार के लिए ऑक्सीजन प्लांट को शुरू कराया जा रहा है। इसके लिए उपलब्ध यंत्र व संयंत्र, मानव संसाधन, रूम, फर्नीचर, बिजली जनरेटर, पेयजल सुविधा, वाशरूम, सिलिंडर, वाहन आदि प्रबंधन सुविधाओं के लिए निर्देशित किया गया है। इसकी पड़ताल जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त (उद्योग), जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र की ओर से की जाएगी।
अनुभवी उद्यमियों से चलवाया जाएगा प्लांट
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में ऑक्सीजन निर्माण से जुड़े अनुभवी उद्यमियों से अनुबंध के आधार पर उक्त ऑक्सीजन प्लांट चलवाया जाएगा।उद्यमी सोमवार को शाम 7 बजे तक अपना आवेदन पत्र कार्यालय-उपायुक्त (उद्योग), जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र में अथवा ई-मेल dcdicvaranasi@ gmail.com पर उपलब्ध करा सकते हैं।
गुजरात के कांडला से जल्द आएंगे 400 ऑक्सीजन सिलिंडर
वाराणसी। ऑक्सीजन की किल्लत और जनता को राहत पहुंचाने को लेकर गुजरात के कांडला शहर से जल्द ही 400 खाली ऑक्सीजन सिलिंडर की खेप रेलवे के जरिए आने वाली है। इसकी तैयारियां चल रही है। कैंट स्टेशन स्थित मालगोदाम पर इसकी तैयारियां चल रही है। जल्द ही गुड्स ट्रेन का शेड्यूल आने वाला है। उत्तर रेलवे के एडीआरएम रवि प्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि अभी ट्रेन का शेड्यूल नहीं मिला है।
1000 बेड के अस्थाई अस्पताल का डीएम व कमिश्नर ने लिया जायजा
बीएचयू में बन रहे एक हजार बेड के अस्थाई अस्पताल की तैयारियों का शनिवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल और डीएम कौशल राज शर्मा ने जायजा लिया। वहीं विभिन्न विभागों के संग बैठक की। बैठक में नगर निगम ,चिकित्सा विभाग, यातायात, पुलिस, विद्युत, लोक निर्माण विभाग एवं बीएचयू के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने यातायात व्यवस्था, अग्निशमन एवं अनवरत विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। डीआरडीओ के अधिकारियों ने बताया कि कार्य तीव्र गति से चल रहा है और समय पर पूरा करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। बीएचयू स्टेडियम में लेआउट के माध्यम से डीआरडीओ के अधिकारियों ने प्रत्येक विवरण को जिला प्रशासन के समक्ष रखा और इस संबंध में आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की।