Varanasi News: बनारस में नौ उपकेंद्रों की बढ़ेगी क्षमता, बनाए जा रहे तीन नए उपकेंद्र; सितंबर तक पूरा होगा काम
वाराणसी में लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती से राहत के लिए नौ उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है, जबकि रेवड़ीतालाब, भगवानपुर और पीएसी भुल्लनपुर में तीन नए उपकेंद्र बन रहे हैं। सितंबर तक काम पूरा होने पर 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
विस्तार
वाराणसी शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और अनचाही बिजली कटौती जैसी समस्याओं से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। बिजली निगम शहर के नौ उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने के साथ तीन नए उपकेंद्र भी स्थापित कर रहा है। विभाग का दावा है कि सितंबर तक सभी कार्य पूरे होने के बाद 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
बिजली निगम के अनुसार, भेलूपुर, बेनिया, काशी विद्यापीठ, नगर निगम, कंदवां, डाफी, लोहता, डीपीएच और मढ़ौली उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इन सभी उपकेंद्रों पर 10 एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं, जिससे बढ़ते विद्युत भार को आसानी से संभाला जा सकेगा। इसके अलावा रेवड़ीतालाब, भगवानपुर और पीएसी भुल्लनपुर में तीन नए बिजली उपकेंद्रों का निर्माण भी किया जा रहा है।
निगम ने इस वर्ष गर्मी शुरू होने से पहले ही बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके तहत पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को बदलकर अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए गए। साथ ही करीब 526 किलोमीटर जर्जर बिजली तार भी बदले गए। इसके बावजूद भीषण गर्मी और अचानक बढ़े बिजली लोड के कारण कई क्षेत्रों में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।
अब इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए उपभोक्ताओं के बिजली उपयोग और स्वीकृत भार का आकलन कर उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे शहर की बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और विश्वसनीय होगी तथा कटौती और तकनीकी बाधाएं काफी हद तक कम हो जाएंगी।
अधीक्षण अभियंता विनीत मौर्या ने बताया कि नौ उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है। तीन उपकेंद्रों पर इसी महीने काम पूरा हो जाएगा, जबकि शेष परियोजनाएं सितंबर तक पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्य उपभोक्ताओं की सुविधा और भविष्य की बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।