Varanasi News: रामलाल ब्रह्म बाबा मंदिर में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास, पुजारी की सतर्कता से आरोपी दबोचा; FIR
Varanasi News: जिले के रामलाल ब्रह्म बाबा मंदिर में रविवार सुबह घंटा और चढ़ावा चोरी का प्रयास पुजारी संतोष तिवारी की सतर्कता से विफल हो गया। पुजारी ने आरोपी दिनेश यादव को रंगे हाथ पकड़कर ग्रामीणों की मदद से पुलिस के हवाले किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूर्व की चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।
विस्तार
Varanasi News: चौबेपुर थाना क्षेत्र के झाझुपुर ग्राम पंचायत स्थित प्राचीन रामलाल ब्रह्म बाबा मंदिर में रविवार सुबह दिनदहाड़े घंटा और चढ़ावा चोरी का प्रयास पुजारी की सूझबूझ से विफल हो गया। मंदिर में कई दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान पुजारी ने स्वयं निगरानी शुरू की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर से पिछले कई दिनों से घंटा और श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया चढ़ावा लगातार चोरी हो रहा था। इससे मंदिर प्रबंधन और स्थानीय श्रद्धालुओं में रोष था। मंदिर के पुजारी संतोष तिवारी ने चोर को पकड़ने के लिए रविवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर के आसपास नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान सुबह करीब आठ बजे एक युवक मंदिर में दाखिल हुआ और वहां लगे पीतल के घंटे तथा चढ़ावा उतारकर अपने बैग में रखने लगा।
पुजारी ने युवक की गतिविधियां देख तुरंत शोर मचाया और उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी आरोपी को पकड़ने में सहयोग किया और इसकी सूचना तत्काल चौबेपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
मंदिर प्रबंधन का दावा है कि बीते कुछ दिनों में मंदिर से 50 से अधिक घंटे तथा करीब डेढ़ कुंतल पीतल के घंटे और अन्य चढ़ावा चोरी हो चुका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम दिनेश यादव निवासी डूढ़ूआ, थाना चौबेपुर बताया है।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वह अकेले चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से भी उसका संबंध खंगाल रही है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।