वाराणसी में हवा में चक्कर काटते रहे कई विमान, ईंधन खत्म होने लगा तो एक कोलकाता के लिए डायवर्ट
हर दिन की अपेक्षा वाराणसी में शुक्रवार सुबह कोहरे की चादर अधिक देर तक तनी रही। लिहाजा उड़ान सेवाएं काफी प्रभावित हुईं। आधा दर्जन विमान हवाई पट्टी का काफी देर तक चक्कर काटते रहे। कुछ विमानों को एयरपोर्ट पर उतरने में एक से डेढ़ घंटे लग गए तो वहीं मुंबई से पहुंचे इंडिगो के विमान का ईंधन खत्म होने लगा तो उसे कोलकाता एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करना पड़ा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार मुंबई से विस्तारा एयरलाइंस का विमान यूके 631 दोपहर 12.20 बजे हवाई पट्टी क्षेत्र में पहुंचा लेकिन मौसम साफ न होने से विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद करीब 20 मिनट बाद यह विमान उतरा। मुंबई से एयर इंडिया का विमान एआई 695 सुबह 11.55 पर पहुंच गया लेकिन धुंध के चलते करीब चार चक्कर लगाने के बाद दोपहर 12.35 बजे उतरा।
नई दिल्ली से इंडिगो विमान 6ई 2136 सुबह 11.30 बजे एयरपोर्ट क्षेत्र में पहुंचा गया लेकिन हवा में छह चक्कर लगाते हुए दोपहर 12.30 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। नई दिल्ली से एयर इंडिया का विमान एआई 406 भी सुबह 11.35 बजे एयरपोर्ट क्षेत्र में पहुंचा लेकिन दोपहर करीब 12.37 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। अहमदाबाद से सुबह 11.25 बजे पहुंचा गो एयरवेज का विमान जी-8 767 दोपहर 12.18 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। हैदराबाद से सुबह 11.30 बजे पहुंचे इंडिगो 6ई 216 विमान भी दोपहर के 12.22 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। बंगलूरू से पहुंचे इंडिगो विमान को हवा में 5 चक्कर लगाना पड़ा। सुबह 11.25 बजे पहुंचे विमान को उतरने में दोपहर 12.15 बज गए।
खत्म होने लगा ईंधन तो कोलकाता डायवर्ट हुआ विमान
धुंध होने के चलते हवा में एक से डेढ़ घंटे तक चक्कर काटने के दौरान मुंबई से पहुंचे इंडिगो विमान 6ई 831 का ईंधन खत्म होने लगा तो कोलकाता एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करना पड़ा। दोपहर 12.56 बजे विमान कोलकाता पहुंचा। वहां से पौने तीन घंटे की देरी से अपराह्न 3.45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर वापस आया।