UPTET Exam: आज वाराणसी में 89 केंद्रों पर होगी परीक्षा, शहर वासियों को वाहन लेकर नहीं निकलने की अपील
वाराणसी में आज 89 केंद्रों पर शिक्षक योग्यता परीक्षा (टीईटी) होगी। शहर में हजारों अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले परिजनों की भीड़ को थामने व सुगम यातायात को लेकर प्रमुख चौराहों और रेलवे स्टेशनों सहित रोडवेज पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है।
विस्तार
वाराणसी में आज 89 केंद्रों पर शिक्षक योग्यता परीक्षा (टीईटी) कराई जाएगी। दो पाली में परीक्षा में 83,579 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शनिवार को केंद्रों पर दिन भर तैयारियां चलती रहीं। उधर, वाराणसी के आसपास के जिलों सहित अन्य जगहों के कई अभ्यर्थी रोडवेज बस, ट्रेन द्वारा देर शाम तक वाराणसी पहुंचे।
शहर में टीईटी परीक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां की है। 83 हजार अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले परिजनों की भीड़ को थामने व सुगम यातायात को लेकर प्रमुख चौराहों और रेलवे स्टेशनों सहित रोडवेज पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है।
पहली और दूसरी पाली में होने वाली परीक्षा को लेकर मार्ग भी निर्धारित किया गया है। शहरवासियों से अपील भी की गई है कि जरूरी नहीं हो तो वाहन लेकर बाहर निकलें। सुबह 8.30 से 10.30 बजे तक और 11.45 से लेकर अपराह्न 2.30 बजे तक और शाम 4.45 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक यात्रा करने से बचें।
पढ़ेंः टीईटी और गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट, होटलों और संदिग्धों की ली गई तलाशी
कोविड प्रोटोकॉल पर रहेगा विशेष ध्यान
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा में सुबह 10 से 12.30 बजे तक 89 केंद्रों पर 83,579 अभ्यर्थी होंगे। दूसरी पाली में 64 केंद्रों पर 2.30 से 5 बजे शाम तक उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा कराई जाएगी। इसमें 34,601 अभ्यर्थी बैठेंगे।
कैमरे की नजर में होने वाली परीक्षा में कोविड प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। थर्मल स्क्रीनिंग, मास्क की जांच के बाद अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया जाएगा। हर केंद्र पर दो पर्यवेक्षक, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे।
बस से अभ्यर्थियों ने की निशुल्क यात्रा
टीईटी के लिए 22 से 24 जनवरी तक प्रदेश सरकार की ओर से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के निशुल्क यात्रा के फैसले के तहत शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों की भीड़ रही। लखनऊ, गोरखपुर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र सहित अन्य स्थानों को जाने वाले अभ्यर्थियों ने बस से निशुल्क सफर किया।
जबकि उनके साथ चल रहे परिजनों को टिकट लेना पड़ा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र की एक कॉपी परिचालक के पास जमा करनी पड़ी। इस दौरान रोडवेज के आसपास की फोटो स्टेट की दुकानों पर भी परीक्षार्थियों की भीड़ रही। यह यात्रा 23 व 24 को भी निशुल्क जारी रहेगी।
पढ़ेंः यूपी में स्कूल 30 तक बंद: बच्चों के शैक्षणिक सुधार के लिए चलेगा रीडिंग कैंपन, 26 जनवरी पर शिक्षक फहराएंगे झंडा
चौराहों के 50 मीटर के दायरे में नहीं खड़े होंगे वाहन
वाराणसी एडीसीपी ट्रैफिक डीके पुरी के अनुसार किसी भी चौराहे से 40 से 50 मीटर तक की दूरी पर किसी भी तरह के वाहन नहीं खडे़ होंगे। साथ ही ठेले, खोमचे भी नहीं रहेंगे। ऑटो व ई-रिक्शा चालकों से अपील है कि अभ्यर्थियों से अवैध किराया वसूली न हो, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित मार्गों पर अभ्यर्थियों को होने वाली असुविधा की दृष्टि से बेनियाबाग से रामापुरा तक जाने वाले मार्ग पर ऑटो रिक्शा व ई-रिक्शा संचालित किये जायेंगे। रेस्टोरेंट, होटल, मॉल के किनारे किसी भी दशा में चार पहिया वाहनों की पार्किंग नहीं की जाएगी। निर्धारित पार्किंग स्थान जैसे कि मैदागिन टाउन हॉल पार्किंग, बेनिया बाग पार्किंग, क्वींस कॉलेज पार्किंग, अन्य पार्किंग का प्रयोग करें।
इस रूट पर अत्यधिक भीड़ की संभावना
पढ़ेंः वाराणसी में सर्दी का सितम जारी: दिन भर नहीं निकली धूप, रात में झमाझम बारिश, जानें- अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम