काशी में लगेंगे टैंक-तोप: छावनी में बनेगा यूपी का पहला आर्मी थीम बायोडायवर्सिटी पार्क, शहीद स्मारक भी; मंजूरी
Varanasi News: छावनी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का पहला आर्मी थीम आधारित बायोडायवर्सिटी पार्क बनाया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने परियोजना के लिए एनओसी दे दी है। पार्क में वॉर मेमोरियल, पुराने टैंक-तोप, बटरफ्लाई गार्डन, औषधीय पौधे और एडवेंचर एक्टिविटीज विकसित की जाएंगी। नगर निगम जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: पर्यावरण संरक्षण और शहरी हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में वाराणसी में बड़ी पहल होने जा रही है। छावनी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का पहला आर्मी थीम आधारित बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए रक्षा मंत्रालय ने जमीन उपलब्ध कराने संबंधी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। इसके बाद परियोजना को प्रशासनिक स्तर पर बड़ी मंजूरी मिल गई है। पार्क का निर्माण नगर निगम की ओर से कराया जाएगा और जल्द ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रस्तावित बायोडायवर्सिटी पार्क को सेना की थीम पर विकसित किया जाएगा। पार्क में भारतीय सेना के इतिहास, विभिन्न ऑपरेशनों और रेजिमेंट्स से जुड़े विशेष सेक्शन बनाए जाएंगे। इसके साथ ही यहां पुराने टैंक, तोप और देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में वॉर मेमोरियल (शहीद स्मारक) भी स्थापित किया जाएगा।
यह परियोजना केवल मनोरंजन स्थल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के मॉडल के रूप में तैयार किया जाएगा। पार्क में स्थानीय प्रजातियों के पेड़-पौधे, औषधीय वनस्पतियां, पक्षियों और तितलियों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित किया जाएगा। साथ ही प्राकृतिक ट्रैक और हरित पथ भी बनाए जाएंगे, जिससे लोगों को प्राकृतिक वातावरण का अनुभव मिल सके।
पार्क में सेना के प्रतीक चिह्नों के साथ बटरफ्लाई गार्डन, पक्षियों के प्राकृतिक आवास और हरे-भरे वॉकिंग ट्रैक विकसित किए जाएंगे। युवाओं और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सेना के ऑब्सटेकल कोर्स की तर्ज पर एडवेंचर एक्टिविटीज और ओपन-एयर जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बायोडायवर्सिटी पार्क के निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है और इसे आर्मी थीम पर विकसित किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद यह पार्क शहर में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन का नया केंद्र बनेगा।