UP Election 2022: पूर्वांचल में कांग्रेस ने इन प्रत्याशियों पर लगाया दांव, जारी की प्रदेश के 125 प्रत्याशियों की पहली सूची, देखें पूरी रिपोर्ट
यूपी की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। वाराणसी से दो प्रत्याशी, आजमगढ़ से चार, मऊ से दो, गाजीपुर से दो, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली से एक प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान सभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने 125 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पूर्वांचल के जिलों में वाराणसी से दो प्रत्याशी, आजमगढ़ से चार, मऊ से दो, गाजीपुर से दो, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली से एक प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं।
पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली, आजमगढ़, सोनभद्र, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, मऊ, गाजीपुर में सातवें चरण (7 मार्च) और बलिया में छठे चरण (3 मार्च) को होंगे। जिसके बाद नतीजे 10 मार्च को आएंगे। आखिरी चरणों में चुनाव होने के चलते यहां पार्टियां यहां देर तक प्रत्याशियों पर मंथन कर रही हैं।
मऊ-
कांग्रेस पार्टी ने मुहम्मदाबादगोहना से बनवारी राम और मधुबन विधानसभा सीट से अमरेश चंद पांडेय को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, विधानसभा चुनाव को लेकर सपा, भाजपा सहित अन्य पार्टियां प्रत्याशियों को लेकर मंथन कर रही हैं।
गाजीपुर-
कांग्रेस ने सदर से लौटन राम निषाद और जखनिया सीट से जिलाध्यक्ष सुनील राम को प्रत्याशी घोषित किया है। बसपा ने पहले ही जिले की मुहम्मदाबाद, जंगीपुर और जहूराबाद सीट पर प्रभारी प्रत्याशियों की घोषणा दिसंबर में ही कर दी।
कांग्रेस ने आजमगढ़ जिले की चार विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। जिसमें आजमगढ़ विधानसभा सीट से पार्टी ने जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। सगड़ी विधानसभा सीट से पार्टी ने राना खातून को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि मेंहनगर सुरक्षित सीट पर पार्टी ने निर्मला भारती को अपना उम्मीदवार बनाया है।
वहीं निजामाबाद सीट से अनिल कुमार यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी घोषित करने के साथ ही जनपद की चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र और चंदौली के प्रत्याशी
वाराणसी की पिंडरा सीट से अजय राय और रोहनिया से राजेश्वर पटेल को प्रत्याशी बनाया है। मिर्जापुर जिले की छानबे सुरक्षित विधानसभा सीट से भगवती प्रसाद चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया है। सोनभद्र जिले की ओबरा विधान सभा सीट से राम राज गोंड पर दांव लगाया है। चंदौली की सकलडीहा सीट से देवेंद्र प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।