UP Board Result: कैदी को हाईस्कूल में मिले 74 फीसदी अंक, केंद्रीय-जिला कारागार के पांच बंदियों को मिली सफलता
सेंट्रल जेल के जेलर सूबेदार यादव ने बताया कि सोनभद्र के बीजपुर थाना क्षेत्र के महरी कला गांव का रहने वाला कैदी प्रवीण कुमार ने हाईस्कूल की परीक्षा में 600 में 439 अंक प्राप्त किया है। वर्ष 2016 के हत्या के एक मामले में 38 वर्षीय प्रवीण आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
विस्तार
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में केंद्रीय और जिला कारागार के पांच बंदियों को सफलता मिली है। मंगलवार की दोपहर बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद जेल अधिकारियों ने पांचों बंदियों की पीठ थपथपाकर उन्हें शाबाशी दी।
यह भी पढ़ें- UP Board: परिणाम में गड़बड़ी दूर कराने के लिए छात्र कर सकेंगे आवेदन, जानें- तारीख और कितने देने होंगे पैसे?
सेंट्रल जेल के जेलर सूबेदार यादव ने बताया कि सोनभद्र के बीजपुर थाना क्षेत्र के महरी कला गांव का रहने वाला कैदी प्रवीण कुमार ने हाईस्कूल की परीक्षा में 600 में 439 अंक प्राप्त किया है। वर्ष 2016 के हत्या के एक मामले में 38 वर्षीय प्रवीण आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव का राधेश्याम 500 में 276 नंबर अर्जित कर शीर्ष पर रहा। 47 वर्षीय राधेश्याम वर्ष 2002 के हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
वहीं, जिला जेल के डिप्टी जेलर जयशंकर यादव ने बताया कि उनके यहां से तीन बंदी इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल हुए थे। एक बंदी अनुत्तीर्ण रहा, जबकि दो बंदी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। उन दोनों में से चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के मरुई गांव का रहने वाला रविकांत पटेल 500 में 277 नंबर प्राप्त कर शीर्ष स्थान पर रहा। रविकांत पटेल किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी है।