UP Chunav 2022: वाराणसी में राजनाथ सिंह बोले- दोबारा सत्ता में आए तो हर साल होली-दिवाली पर देंगे फ्री गैस सिलिंडर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को वाराणसी के सेवापुरी विधानसभा के लखनसेनपुर गांव स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई चुनावी वादे किए तो वहीं विपक्ष पर भी निशाना साधा।
विस्तार
वाराणसी के सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनी तो हर साल होली और दीवाली पर गरीबों को मुफ्त में एक-एक रसोई गैस सिलिंडर दिया जाएगा।
कहा कि हर वर्ग और समाज को साथ लेकर चलने वाली भाजपा ने इस चुनाव में जो घोषणापत्र जारी किया है, उसका अक्षरशः पालन होगा। हर वादे को निभाया जाएगा। सेवापुरी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नील रतन पटेल उर्फ नीलू के समर्थन में पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा।
भाजपा सरकार में शुरू हुआ विकास का नया अध्याय
कांग्रेस, सपा और बसपा पर हमलावर राजनाथ सिंह ने सेवापुरी की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव के साथ 2017 के विधानसभा चुनाव से वाराणसी में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ।
पक्की सड़कें, हर घर नल-जल, पक्का मकान, माताओं-बहनों को धुएं से निजात दिलाती हर घर में उज्जवला योजना, कम दर पर बिजली, माह में दो बार मुफ्त में राशन आदि सुविधाएं मुहैया कराई गईं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जम्मू- कश्मीर से धारा 370 हटने की कल्पना किसी पार्टी ने नहीं की थी। पूर्ण बहुमत से सरकार आपने बनाई तो हमने जम्मू कश्मीर में 370 धारा को हटवा दिया। आतंकवाद का सफाया किया। पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक भी किया गया।
हम चाहते हैं ट्रिपल इंजन की सरकार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीए में डबल इंजन की सरकार नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार चाहते हैं। राजनाथ सिंह ने ट्रिपल इंजन को परिभाषित किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मिशन और जनता के पार्टिसिपेशन के दम पर सरकार चलाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में जो कहा गया है, सरकार बनने पर उसे पूरा किया जाएगा।