UP Chunav 2022: पीएम मोदी 27 को बनारस में करेंगे रोड शो, 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को वाराणसी आने वाले हैं। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों के बूथ पदाधिकारियों संग संवाद कर उन्हें जीत का मंत्र देंगे। इससे पहले रोड शो करेंगे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को पुलिस लाइन से रोड शो करते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए भाजपा की ओर से छह घंटे की अनुमति जिला प्रशासन से मांगी गई है।
जिले भर के बूथ कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखाने के लिए एक दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आएंगे और सड़क मार्ग से जगतगंज स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे।
जगह-जगह स्वागत की तैयारी
सातवें चरण के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी से करेंगे। पीएम मोदी के सड़क मार्ग से पुलिस लाइन से जगतगंज के बीच जगह-जगह स्वागत की तैयारी है। पीएम मोदी के सड़क मार्ग की यात्रा को रोड शो का स्वरूप दिया जाएगा।
काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और बूथ पदाधिकारियों के साथ बैठक की सूचना के बाद संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बैठक कर बूथ पदाधिकारियों के साथ सम्मेलन की कार्य योजना पर चर्चा की और क्रियान्वयन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
तैयारियों के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम स्थल से लेकर मंच और सुरक्षा तक के प्रभारियों के नाम तय किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम के संयोजक क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया होंगे। जिले की आठों विधानसभाओं के प्रत्येक बूथ से छह पदाधिकारियों को सम्मेलन में भाग लेने के लिए व्यापक कार्य योजना पर प्रकाश डाला।
गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कहा कि 8 विधानसभाओं के 33 मंडलों के 539 शक्ति केंद्रों के 3361 बूथों के लगभग 20 हजार बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन को काशी के सांसद संबोधित करेंगे। बूथ पदाधिकारियों के अलावा वाराणसी में निवास करने वाले शक्ति केंद्र के संयोजक, मंडल पदाधिकारी, महानगर से राष्ट्रीय पदाधिकारी तक शामिल होंगे।