वाराणसी में दो युवकों ने की खुदकुशी: पत्नी से विवाद के बाद ड्राइवर ने लगाई फांसी, आर्थिक तंगी के चलते कारपेंटर ने दी जान
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद पेशे से ड्राइवर ने जबकि लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी के चलते कारपेंटर ने जान दे दी।
विस्तार
वाराणसी के अलग-अलग थाना क्षेत्र में दो युवकों ने फांसी के फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। चितईपुर थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद पेशे से ड्राइवर ने जबकि लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी के चलते कारपेंटर ने जान दे दी। दोनों के खौफनाक कदम से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पाकर लालपुर पांडेयपुर और चितईपुर थाने की पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद, पत्नी गई मायके
चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा स्थित राजेंद्र विहार कॉलोनी में किराये पर रहने वाले निशांत झा (38) ने बीती फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी शनिवार सुबह पत्नी के पहुंचने के बाद हुई। घटना के बाद पत्नी चिंतना देवी व दो छोटी बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मूल रूप से मधुबनी (बिहार) निवासी निशांत पिछले तीन साल से श्रीकांत त्रिपाठी के मकान में किराये पर रह रहा था। वह सुंदरपुर निवासी प्रेम गुप्ता की गाड़ी चलाता था। पत्नी बगल के घरों में चौका-रसोई का काम करती है। शुक्रवार दिन में शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके बाद चिंतना दोनों बेटियों को लेकर पास में ही स्थित अपने मायके चली गई।
पत्नी को मनाने पहुंचा, पत्नी ने घर आने से किया इंकार
शुक्रवार रात 10 बजे निशांत पत्नी के पास पहुंचा और घर जाने के लिए कहने लगा। लेकिन पत्नी ने घर जाने से मना कर दिया। इधर, निशांत घर पहुंचने के बाद साड़ी का फंदा बनाकर पंखे की कुंडी से लटक गया। सुबह चिंतना कमरे पर पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे पंखे की कुंडी के सहारे निशांत का शव लटक रहा था।
पत्नी को फोन कर घर बुलाया, फिर उठाया खोफनाक कदम
लालपुर-पाण्डेयपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज निवासी 26 वर्षीय रवि विश्वकर्मा ने बीमारी और आर्थिक तंगी से अवसादग्रस्त होकर फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्मघाती कदम उठाने से पहले रवि ने पत्नी माधुरी को फोन कर घर आने के लिए कहा था।
माधुरी इश्वरगंगी नाटीइमली में रहने वाली बड़ी बहन के घर थी। वह चार दिन पहले जितिया पर्व मनाने के लिए गई थी। शनिवार सुबह साढ़े सात बजे पति का कॉल आने पर माधुरी घर पहुंची। घर का दरवाजा बंद था। आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला। वह बगल के मकान की छत से अपने घर की छत पर आई। कमर में गई तो नजारा देख कर आवाक रह गई।
दो साल पहले हुई थी शादी
रवि पंखे के सहारे फंदे से लटका था। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। फंदे को काटकर शव को उतारा। सूचना पर पहुंची लालपुर-पाण्डेयपुर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। पत्नी के अनुसार पति बीमार रहते थे। कुछ काम नहीं करने की वजह आर्थिक तंगी के कारण अवसादग्रस्त थे। रवि की शादी दो साल पहले हुई थी। कोई संतान नहीं है।