यूपी: कोविड अस्पताल में लापरवाही पड़ी भारी, प्रशासन ने दो सफाईकर्मियों को निलंबित किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में तैनात दो और सफाईकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने निलंबित कर दिया है। इन पर अस्पताल परिसर में साफ-सफाई में लापरवाही बरतने और नियमित ड्यूटी न करने का आरोप है।
दोनों सफाईकर्मियों को चोपन विकास खंड से संबद्ध कर इसी ब्लाक के एडीओ पंचायत को आरोपों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में तैनात छह सफाईकर्मियों को हाल ही में निलंबित किया गया था।
इस बीच इसी कोविड केयर सेंटर में तैनात दो और सफाईकर्मियों को निरीक्षण के दौरान मौके पर अनुपस्थित मिलने, ड्यूटी वाले गांव में नियमित रूप से उपस्थित होकर साफ-सफाई न करने व अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि निलंबित होने वाले सफाई कर्मियों में से एक की घोरावल ब्लॉक के सिद्धी और दूसरा चतरा ब्लॉक के बभनियांव ग्राम पंचायत में तैनाती रही है।
दोनों की ड्यूटी 21 जुलाई से जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में लगाई गई है। इस बीच निरीक्षण के दोनों सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले। उन्होंने बताया कि दोनों पर ड्यूटी वाले गांवों में नियमित रूप से उपस्थित होकर साफ-सफाई न करने और 10,11 व 12 जुलाई को चले विशेष सफाई अभियान में भी सफाई कार्य न करने का आरोप है।
दोनों सफाईकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर चोपन ब्लॉक में एडीओ पंचायत कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों सफाईकर्मियों पर लगे आरोपों की जांच की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत चोपन को सौंपी गई है। उनसे एक माह के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।