वाराणसी में डायवर्जन: दोपहर 2 बजे तक शहर के कई रूटों पर प्रतिबंध, घर से निकलने से पहले पढ़ें- एडवाइजरी
वाराणसी में मुख्यमंत्री के आगमन पर यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। शहर कि कई मार्ग प्रतिबंधित किए गए हैं। इन मार्गों में पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मरीमाई, मलदहिया, साजन, सिगरा से रथयात्रा मार्ग शामिल हैं।
विस्तार
वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काशी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया गया है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। विभिन्न हिस्सों में ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन, बसें और मालवाहक वाहनों के लिए विशेष प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन सुबह 9.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर बंद रहेगा। इनमें पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मरीमाई, मलदहिया, साजन, सिगरा से रथयात्रा मार्ग शामिल हैं। महमूरगंज से आकाशवाणी होकर सिगरा तक भी आवागमन बंद रहेगा।
तेलियाबाग से लहुराबीर, मैदागिन और विशेश्वरगंज तक भी ऑटो व ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। इंग्लिशिया लाइन से साजन और फूलमंडी से मलदहिया तक भी इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच सिगरा या रथयात्रा मार्ग से जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा लहरतारा-भिखारीपुर मार्ग का प्रयोग करेंगे।
राजघाट पुल पर चार घंटे मालवाहक वाहनों पर रोक
चार पहिया वाहन, बसें और मालवाहक वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू किया गया है। अमर उजाला तिराहा से लहुराबीर या मैदागिन की तरफ चार पहिया वाहन और बसें नहीं जा सकेंगी। वीवीआईपी मूवमेंट के समय इन्हें लकड़ीमंडी से गोलगड्डा की ओर मोड़ा जाएगा। मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। विशेश्वरगंज तिराहा से वीवीआईपी आगमन से दो घंटे पहले चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ न भेजकर गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
एडीसीपी यातायात ने बताया कि एयरपोर्ट और बाहरी जिलों से आने वाली बसों के लिए भी मार्ग बदले गए हैं। बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहा पर भारी और हल्के वाहनों को एयरपोर्ट की तरफ न भेजकर बड़ागांव की तरफ मोड़ा जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज पर बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसों को रोककर हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली सभी बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहा से परमपुर की तरफ मोड़ी जाएंगी। यह व्यवस्था सुबह 11.30 बजे से लागू होगी।