फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi

News in Brief: गंगा घाटों पर अतिक्रमण को लेकर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, पढ़ें- अन्य खबरें

Sat, 15 Jun 2024 11:04 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 15 Jun 2024 11:04 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में शनिवार को कई खबरें रहीं। पहली खबर मणिकर्णिका घाट की है, जहां नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने घाट की सफाई को लेकर कई निर्देश दिए। दूसरी खबर गेहूं की खरीद को लेकर है। यहां लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 6.35 प्रतिश ही खरीद हो पाई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शनिवार को मणिकर्णिका घाट पर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान गंगा घाटों पर अतिक्रमण देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने अतिक्रमण मुक्त कराने और मलबा को हटवाने को कहा।

विज्ञापन


इस दौरान दशाश्वमेध घाट के साफ-सफाई का निरीक्षण किया। घाटों पर बेहतर सफाई व्यवस्था करने को कहा। दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियों को साफ कराए जाने के निर्देश दिए। घाट पर पर्याप्त लाइट को लेकर भी निर्देशित किया। उधर, रविंद्रपुरी कालोनी में चल रहे सीवर लाइन कार्य का भी जायजा लिया। निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य, राजीव कुमार राय, मुख्य अभियंता समेत अन्य मौजूद रहे। 
विज्ञापन


पेड़ की डाल गिरने से दो कार और बाइक क्षतिग्रस्त
छावनी क्षेत्र में प्रधान डाकघर के सामने हनुमान मंदिर परिसर स्थित विशालकाय पीपल के पेड़ की डाल शनिवार को अचानक गिर गई। इससे दो कार और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


नवलपुर बसही थाना शिवपुर निवासी रवि प्रकाश त्रिपाठी अपनी कार खड़ी कर डाकघर में चले गए। कुछ देर बाद कार के ऊपर पीपल के पेड़ की डाल गिर गई। मौके पर कैंट एसीपी विदुष सक्सेना और कैंट पुलिस, छावनी परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर रियाजुल रहमान ने मदद से डाल को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

लक्ष्य का 6.35 फीसदी हुई गेहूं की खरीद
जिले में 18 हजार एमटी गेहूं की खरीद करने का लक्ष्य तय किया था। लेकिन अंतिम दिन शनिवार तक 1143 एमटी ही गेहूं की खरीद हो सकी। इसके लिए 39 क्रय केंद्र खोले गए थे। यह लक्ष्य का मात्र 6.35 फीसदी ही है। पिछले वर्ष भी 18 हजार एमटी गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन 417 एमटी ही गेहूं की खरीद हो पाई थी। जो लक्ष्य का मात्र 3.21 फीसदी था। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील भारतीय ने बताया कि 1 मार्च से 14 जून तक 429 किसानों ने गेंहू की बिक्री है। 

1450 परीक्षार्थियों ने छोड़ी पॉलिटेक्निक की परीक्षा
यूपी पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को 8714 परीक्षार्थियों में 7254 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 1450 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में आरपीडी इंटर कॉलेज में 159 छात्र उपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में 157 छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए। तीसरी पाली में 163 छात्र उपस्थित रहे। इसी तरह मां लक्ष्मी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पहली पाली में 182, दूसरी पाली में 166 और तीसरी पाली में 148 ने परीक्षा दी। 

गंगा की सफाई का दिया संदेश

नमामि गंगे की ओर से गंगा दशहरा तक चलने वाले स्वच्छता अभियान के नौवें दिन शनिवार को गंगा दशहरा पर गंगा को मैली न करने का आह्वान किया गया। सदस्यों ने साथ ही सबका साथ हो गंगा साफ हो का संदेश दिया। सदस्यों ने गंगा और वरुणा नदी के संगम स्थल आदिकेशव घाट एवं मणिकर्णिका घाट पर सफाई की। अभियान में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, सरिका गुप्ता, शिवम अग्रहरि, रश्मि साहू, शिवांगी पांडेय मौजूद रहीं। 

लायंस क्लब वाराणसी सिल्क सिटी ने मनाया फादर्स डे
वाराणसी। लायंस क्लब वाराणसी सिल्क सिटी की सदस्यों ने शनिवार को गुरुबाग स्थित होटल में फादर्स डे मनाया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने अपने हीरो अपने पापा की बात कर उनके साथ बिताए हर मीठे पल को याद किया और मनोरंजक गेम खेला। इस दौरान पूजा कपूर, पूजा मेहरोत्रा, अनुप्रिया, हर्षा, छाया, निशा आदि उपस्थित रही।

जनाबे मुस्लिम की शहादत पर उठाए ताबूत व हुईं मजलिसें
इमाम हुसैन के सफीर (राजदूत) और उनके चचेरे भाई जनाबे मुस्लिम की शहादत पर शनिवार को मजलिसें हुईं और ताबूत उठाया गया। शिया मस्जिद काली महल में तकरीर करते हुए फरमान हैदर ने कहा कि इमाम हुसैन की शहादत के ठीक एक माह पहले कूफे में जनाबे मुस्लिम को बड़ी बेदर्दी से कत्ल कर दिया गया था।

कच्ची सराय के इमामबाड़ा सीताबराय में ख्वातीन की कदीमी मजलिस हुई। उन्होंने ताबूत उठाकर नाैहा और मातम पेश किया। शिवाला स्थित मस्जिद डिप्टी जाफर बख्त में अंजुमन गुलजारे अब्बासिया के जेरे इंतजाम में ताबूत उठाया गया। मजलिस को मौलाना वासी हसन खान ने खिताब किया। दोषीपुरा में हुसैनी हाउस में अंजुमन करवाने कर्बला में नाैहा और मातम हुआ। 

मौलाना इकबाल हैदर ने मजलिस को खिताब किया। चाैहट्टा लाल खां में अंजुमन आबिदिया की ओर से मजलिस हुई। अंजुमन सज्जादिया ने नाैहाख्वानी की। दालमंडी स्थित मीर नादे अली में अंजुमन हैदरी चौक ने मजलिस कर मातम पेश किया। पितरकुंडा में मौलाना जाहिर हैदर ने मजलिस को खिताब किया। 

हीट वेव के कारण खराब हो रही धान की नर्सरी

हीटवेव चलने के कारण धान की नर्सरी खराब हो रही है। कई किसानों ने मई के दूसरे सप्ताह में धान की नर्सरी डाल दी थी। कृषि विशेषज्ञ देवमणि त्रिपाठी ने बताया कि जिन किसानों ने धान की नर्सरी डाल दी है, वे नर्सरी की हल्की सिंचाई सुबह या शाम के समय करें। शाम को नर्सरी में सिर्फ उतना ही पानी भरें जो सुबह धूप होने से पहले सूख जाए। अगर नर्सरी में पानी नहीं सूखता है तो सुबह पानी निकाल दें, जिससे धूप में पानी गर्म न हो सके। इसके साथ ही जो किसान धान की नर्सरी डालने की तैयारी में हैं, वे बीज का शोधन कर लें। 

पीएम को देंगे एक लाख किसानों का हस्ताक्षर युक्त पत्रक
संयुक्त किसान मजदूर मोर्चा के तत्वावधान में शनिवार को रिंग रोड योजना से प्रभावित किसान हरदासपुर बरम बाबा मंदिर, मोहनसराय ट्रांसपोर्ट नगर से प्रभावित किसान बैरवन डीह बाबा मंदिर और गोबर गैस प्लांट शाहंशाहपुर से प्रभावित किसानों की चौपाल पनियरा में लगी। 

किसान नेता विनय शंकर राय मुन्ना ने कहा कि एक लाख किसानों का हस्ताक्षर युक्त पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा जाएगा। इसके लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। किसान 17 जून को कचहरी मुख्यालय पर धरना देंगे और 18 जून को काला दिवस मनाएंगे। इस दौरान सतीश कुमार पटेल, राजेश सिंह, रामजी सिंह, नरायनी सिंह, श्यामलाल धरकार मौजूद रहे। 

जेईई क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेगा आईआईटी बीएचयू
आईआईटी बीएचयू जेईई एडवांस क्वालिफाई करने वाले मेधावियों का मार्गदर्शन करेगा। संस्थान के ऑनलाइन ओपन हाउस कार्यक्रम ‘आईआईटी बीएचयू को जानें’ में छात्र-छात्राओं को संस्थान के शिक्षाविदों, कैंपस जीवन और प्लेसमेंट आदि से जुड़ी जानकारियां दी जाएंगी। कार्यक्रम 17 जून को आयोजित किया गया है। 

इसमें आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा, डीन और संस्थान के मौजूदा छात्र जुड़ेंगे। जेईई क्वालिफाई कर आईआईटी में प्रवेश की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं उनसे सवाल पूछकर अपने संदेह (डाउट) दूर कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों जेईई एडवांस का रिजल्ट निकलने के बाद छात्र-छात्राएं एडमिशन के लिए प्रवेश संस्थानों के बारे में जानने को लेकर काफी उत्सुक हैं।

समाजशास्त्र विभाग में 20 जून को मिड टर्म परीक्षा

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में बीए द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर और एमए द्वितीय सेमेस्टर (माइनर) की मिड टर्म परीक्षा 20 जून को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सभी विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले उपस्थित रहना अनिवार्य है। 

125 छात्राओं को दिए गए स्मार्टफोन
आर्य महिला पीजी कॉलेज में शनिवार को बीए तृतीय वर्ष की 125 छात्राओं को स्मार्टफोन दिया गया। कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. बिंदू लाहिड़ी, सुधाकर शुक्ला, नित्यानंद तिवारी, निखिल जैन उपस्थित रहे। छात्राएं नया फोन मिलने से बहुत उत्साहित और प्रसन्न हुईं। 

93 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शनिवार को लगे रोजगार मेले में 356 अभ्यर्थी शामिल हुए। 14 कंपनियों ने 93 अभ्यर्थियों को चयन किया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि 22 जून को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर चौकाघाट पर फिर से रोजगार मेला लगेगा। अभ्यार्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में 25 जून से होगी योग डिप्लोमा की परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में योग विज्ञान विषयक पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 25 जून से शुरू होंगी। तीन जुलाई तक चलने वाली परीक्षा दो चरणों में कराई जाएगी। इसमें पहली पाली में 2022-23 प्रथम सेमेस्टर की सुबह 8 से 11 बजे तक परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में सत्र 2023-24 द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक कराई जाएगी। 

विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि पीजी डिप्लोमा इन योग, बीए इन योगा, एमए इन योगा के विद्यार्थी निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। 

वाराणसी के 47 खिलाड़ियों को मिला छात्रावास

खेल निदेशालय ने वाराणसी के 47 खिलाड़ियों के लिए छात्रावास का आवंटन कर दिया है। इसमें बालक वर्ग में एथलेटिक्स में जय कुमार, कुश्ती में दीपक यादव, धर्मराज, चेतन चौहान व अमन यादव, तीरंदाजी में संगम पाल व विशाल प्रजापति, फुटबॉल में 10 और हॉकी में 12 खिलाड़ी का चयन हुआ है।

वहीं क्रिकेट में अर्थव गौरव, प्रिंस यादव व राज सोनकर और वाॅलीबाॅल में दिव्यांशु यादव, आशीष गुप्ता व सिद्धार्थ सिंह को छात्रावास मिला है। जूडो बालक वर्ग में दुर्गेश यादव को हॉस्टल मिला है। बालिका वर्ग में बैडमिंटन में संजना गिरि व काव्या दुबे, कुश्ती में अंशिका यादव और शिपाली ए सिंह, हॉकी में नैंसी सिंह, जागृति यादव, विभा कटियार, आंशिका वर्मा बॉलीबाॅल में रिया यादव, नैंसी यादव, कबड्डी में अर्चना यादव को छात्रावास आवंटित किया गया है।

स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की जांच कर बांटी गई पोषण पोटली
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों पर एकीकृत निक्षय दिवस मनाया गया। इस दौरान ओपीडी में आने वाले लोगों की टीबी की स्क्रीनिंग और संभावित लक्षण वालों का बलगम जांच के लिए भेजा गया। इसके साथ ही डेंगू, वायरल फीवर और मलेरिया की जांच भी की गई। स्वास्थ्य केंद्रों पर 185 लोगों में पोषण पोटली वितरित की गई।

दुर्गाकुंड शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित टीबी यूनिट में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय द्वारा गोद लिए गए क्रमशः 10 और पांच क्षय रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की गई। इसके अलावा 50 अन्य टीबी रोगियों को भी पोषण पोटली दी गई। 

जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. पीयूष राय ने कहा कि निक्षय दिवस का उद्देश्य अधिक से अधिक टीबी मरीजों को चिह्नित कर उनका उपचार कराना है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सालयों में टीबी जांच की निशुल्क सुविधा उपलब्ध है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed