News: सीवर, पेयजल और गृहकर पर होगी चर्चा, कैबिनेट मंत्री को बुनकरों ने बताईं समस्याएं; पढ़ें वाराणसी की खबरें
वाराणसी में अपराध, जनसमस्याएं सहित विभिन्न खबरें रहीं। नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में सीवर और पेयजल की समस्याओं पर चर्चा होगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News Today: आगामी 16 को नगर निगम में होने वाली कार्यकारिणी की बैठक में शहर के सीवर और पेयजल व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर बेहतर रणनीति बनाई जाएगी।
मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में गृहकर में मिलने वाली छूट की भी घोषणा हो सकती है। हर साल तीन महीने के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष के गृहकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाती है। पार्षद नरसिंह बाबा ने बताया कि शहर की समस्याओं पर चर्चा कर उसका समाधान किया जाएगा।
पार्षद अमरदेव यादव ने कहा कि बैठक में सीवर और पेयजल समेत कई समस्याओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए परिषद कार्यालय से सभी को पत्र भेजा गया है। बैठक से 72 घंटे पहले सभी को एजेंडा मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए सभी सदस्यों ने तैयारी शुरू कर दी है।
वाराणसी में महिला से चेन स्नेचिंग
शिवपुर थाना क्षेत्र के पटेलनगर काॅलोनी में शिक्षिका सोनम चौधरी के गले से सोने की चेन लूट बदमाश भाग गए। पीड़िता के पति आदित्य चौधरी खाद्य सुरक्षा अधिकारी है। शिक्षिका सोनम सुबह करीब साढ़े नाै बजे के करीब शिवपुर मंडी से सब्जी लेकर अपनी स्कूटी से किराए के मकान पर आ रही थी।
विकास टेंट हाउस पटेल नगर कॉलोनी सेक्टर 6ए पहुंची कि पीछे से आ रहे सफेद रंग की अपाचे सवार दो अज्ञात युवक ने पता पूछने के बहाने गले में पहने डेढ़ से दो भरी की सोने की चेन झपट्टा मार दिया। पीड़ित महिला के चिल्लाने पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मामले की सूचना शिवपुर पुलिस को दी गई।
किन्नरों से मारपीट मामले में दो बदमाश हिरासत में
वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। मामला बधाई मांगने का बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज कर दो बदमाशों को हिरासत में ले लिया है।
स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 11 घंटे काटी बिजली, लोग परेशान
गणपति रेजिडेंसी मंडुवाडीह में शनिवार को बिजली विभाग के कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 11 घंटे तक बिजली काट दी। अरुण तिवारी ने बताया कि रेजिडेंसी में 77 फ्लैट हैं। सभी ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए आवेदन किया था। 55 को स्वीकृति मिली है। अभी तक 42 स्मार्ट मीटर ही लग पाए हैं।
शनिवार दस बजे तक बिजली नहीं दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा जानकारी नहीं है। जल्द ही बिजली आ जाएगी। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग ने बिना जानकारी बिजली काट ली। एसडीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर की वजह से लाइट काटी गई थी। कर्मचारी को भेजकर बिजली ठीक करा दी गई है।
सारनाथ की व्यवस्थाएं कराएं चुस्त दुरुस्त: नगर आयुक्त
बुद्ध पूर्णिमा के मद्देनजर शनिवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सारनाथ इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने भगवान बुद्ध के उपदेश स्थली ऋषिपत्तन सारनाथ मूलगंध कुटी बिहार परिसर की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने को कहा। बुद्ध जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने को कहा।
दो मोबाइल टॉयलेट लगाने के निर्देश दिए। सारनाथ जाने वाले मार्ग के स्ट्रीट लाइट को चेक कराते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। आगामी बरसात को देखते हुए सारनाथ जोन में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। नाला सफाई के दौरान निकलने वाले सिल्ट को सूखने के दौरान इन्हें तत्काल हटाने का निर्देश दिया। साथ ही जितने भी नाले जगह-जगह ढके नहीं गए हैं।
उन्हें ढकने के लिए सूची तैयार कर प्रस्ताव भेजने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त श्रीमती सविता यादव, जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन सचिव ओपी सिंह, जोनल स्वच्छता अधिकारी रविचंद्र निरंजन मौजूद रहे।
व्यावसायिक निर्माण कार्य स्थलों पर क्यूआर कोड लगाना जरूरी
शहर में हो रहे वैध और अवैध निर्माण की जानकारी क्यूआर कोड से होगी। वीडीए ने व्यावसायिक निर्माण कार्यस्थलों से इसकी शुरुआत की है। जो भी व्यावसायिक निर्माण हो रहे हैं। वहां पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे ताकि जांच करने वाले अधिकारी आसानी से पता कर सके कि निर्माण वीडीए से वैध है या फिर अवैध है।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर नोटिस के नीचे क्यूआर कोड अंकित रहेगा। इसके जरिये मानचित्र स्वीकृत कराने समेत अन्य तरह की जानकारियां मिलेंगी।
उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माणकर्ता को मानचित्र स्वीकृत कराने की प्रक्रिया, भवन उपविधि, मास्टर प्लान इत्यादि की समुचित जानकारी सुलभ कराने के लिए अवैध निर्माणों के विरुद्ध जारी होने वाले समस्त नोटिस पर प्राधिकरण का क्यूआर कोड अंकित कर भेजा जाए।
एक दिन में पांच रुपये प्रति किलो बढ़े दाल, रिफाइंड और सरसों तेल के दाम
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को देखते हुए खाद्य सामग्रियों के दाम भी तीन दिन में बढ़ गए। शनिवार को दाल के थोक भाव में पांच रुपये की तेजी रही। रिफाइंड और सरसों तेल के दाम भी थोक में पांच-पांच रुपये बढ़ गए। चीनी और आटा एक-एक रुपये बढ़कर प्रतिकिलो में बिक्री हुआ। विशेश्वरगंज, गोला दीनानाथ, खोजवा, पांडेयपुर समेत अन्य क्षेत्रों में दाम में तेजी रही।
व्यापारियों ने तो जमाखोरी की योजना बनाई थी, लेकिन शाम में युद्ध विराम ने भाव पर भी विराम लगा दिया। विशेश्वरगंज मंडी के व्यापारी शशांक साहू ने बताया कि रिफाइंड 145 रुपये से बढ़कर 151 रुपये प्रति लीटर, सरसों तेल 150 से सीधे 156 रुपये प्रति लीटर बढ़कर बिका। दाल 112 रुपये से बढ़कर 118-120 रुपये प्रति किलो, चीनी 43 रुपये प्रति किलो, आटा 32 रुपये में बिका।
ऊंचाई वाले इलाकों में बूस्टर पंप से बढ़ाई जाएगी पानी की आपूर्ति
वाराणसी शहर के पक्के महाल में गर्मी के दिनों होने वाली जलापूर्ति पर असर न पड़े इसके लिए बूस्टर पंप लगाए जाएंगे। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में भी पानी आसानी से पहुंचेगा। इसके लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने जलकल के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। दरअसल पक्के महाल के इलाकों में गर्मी के दिनों में पानी नहीं पहुंचने की समस्या होती है।
इसके लिए जगह जगह बूस्टर पंप लगाए जाएंगे ताकि लोगों के घरों तक पानी मिल सके। पिछले दिनों सदन में भी पार्षदों ने ऊंचाई वाले इलाकों में पानी नहीं मिलने की समस्या को उठाया था। जिसके बाद से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। खासकर दशाश्वमेध, जंगमबाड़ी, आदमपुर, कोतवाली,चौक, अस्सी आदि स्थानों पर पंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा घाट की ओर से जाने वाली गलियों में भी बूस्टर पंप से जलापूर्ति की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री को बुनकरों ने बताईं समस्याएं
हिंदू बुनकर कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से लखनऊ में मुलाकात की। इसमें बुनकरों की विभिन्न समस्याओं को रखा गया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी पावरलूम योजना में तकनीकी व प्रशासनिक कठिनाइयों, विद्युत दरों में राहत व सब्सिडी प्रक्रिया में जटिलताएं प्रमुख हैं।
समिति ने मांग किया कि बुनकरों को 110 किलोवाट तक की विद्युत संयोजन सुविधा प्राप्त थी, उन्हें पूर्ववत विद्युत छूट की सुविधा दोबारा दी जाए। प्रतिनिधिमंडल में समिति के शैलेश प्रताप सिंह, अनिल मुद्रा शामिल रहे।
स्वास्थ्य सेवा हर इंसान का अधिकार
हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय, बांसफाटक में शनिवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण शिविर का आयोजन हुआ। इस मौके पर डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने शिविर में मधुमेह, थायराइड, बीपी, टीबी, अस्थमा, मलेरिया, टायफाइड, डेंगू और सांस की बीमारियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार रोगियों काे दवाएं दी गई। इस अवसर पर अनिल सर्राफ, अनिल रस्तोगी, विनोद खटोर, नरेन्द्र कुमार भुरारिया मौजूद रहे।
देवरिया स्टेशन पर नहीं रुकेंगी दो ट्रेनें
बैतालपुर-गौरी बाजार स्टेशनों के बीच इंजीनियरिंग के लिए ब्लॉक से शनिवार को बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल और दरभंगा नई दिल्ली स्पेशल के मार्ग में बदलाव हुआ। दोनों ट्रेनें देवरिया सदर पर नहीं रुकीं।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बरौनी से 10 मई को चलने वाली 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल बदले मार्ग सीवान-थावे-कप्तानगंज-गोरखपुर छावनी के रास्ते जाएगी। मार्ग परिवर्तन के चलते यह ट्रेन देवरिया सदर स्टेशन पर नहीं रुकेगी। दरभंगा से 10 मई को चलने वाली 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन बदले मार्ग सीवान-थावे-कप्तानगंज-गोरखपुर छावनी के रास्ते जाएगी।
करौंदी वार्ड में बनाई जाएगी नई सड़क
वाराणसी। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत करौंदी वार्ड में सड़क का लोकार्पण मेयर अशोक कुमार तिवारी ने किया। यहां नासिरपुर विवेक नगर काॅलोनी में सीसी रोड और इंटरलाकिंग का लोकार्पण हुआ। यहां माता कटरा विवेक नगर कॉलोनी मोड़ से महामनापुरी कॉलोनी ले नंबर 7 तक सीसी रोड और जल निकासी की सड़क के समस्या का समाधान हुआ है। पार्षद ने बताया कि विकास कार्यों की कड़ी में लगातार क्षेत्र में प्रधानमंत्री की प्रेरणा से विकास कार्य किया जा रहे हैं।
विद्यापीठ में 13 मई को सोशल साइकोलॉजी की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में स्नातकोत्तर चौथे सेमेस्टर की अप्लाइड सोशल साइकोलॉजी की परीक्षा 13 मई को होगी। सुबह 10 से 11 बजे तक मनोविज्ञान विभाग के कक्ष संख्या दो (लाइब्रेरी) में परीक्षा कराई जाएगी। छात्रों को परीक्षा के तय समय से थोड़ा पहले ही रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
13 वैज्ञानिकों को मिला रिसर्च का अवसर
आईआईटी बीएचयू में 13 वैज्ञानिकों को नवाचारों को विकसित कर बाजार तक पहुंचाने का अवसर दिया है। चयनित स्टार्टअप प्रोटोटाइप डिवाइस के लिए धनराशि भी दी जाएगी। 13 वैज्ञानिकों ने अपने इनोवेटिव विचारों और समाधानों को रखा। मुख्य विपणन अधिकारी एम. सुब्रमणियन,आनंद कुमार सिद्धार्थ, वैभव, प्रशांत मिश्रा और सुधांशु मित्तल शामिल रहे।
डॉ. सत्यप्रकाश गृह मंत्रालय में सदस्य नामित
बीएचयू हिंदी विभाग के डाॅ. सत्य प्रकाश पाल को गृह मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के लिए राजभाषा विभाग में सदस्य नामित किया गया है। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी और केंद्रीय उच्च तिब्बती संस्थान की कुलसचिव डाॅ. सुनीता चंद्रा ने भी उन्हें बधाई दी है। डाॅ. सत्य प्रकाश पाल को मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के अखिल भारतीय आचार्य रामचंद्र शुक्ल आलोचना पुरस्कार और उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का शब्द शिल्पी सम्मान भी मिल चुका है।
सीडीओ ने पंचकर्म हट्स का किया निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने शनिवार को चौबेपुर में निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश के पहले नेचुरोपैथी पंचकर्म हट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने डाक्टरों के लिए आवास बनाने के निर्देश के साथ कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
पं. गणपति शास्त्री ऐताल के निधन पर शोकसभा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पाणिनी भवन सभागार में विद्वान पं. गणपति शास्त्री ऐताल के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने पं. ऐताल की विद्वत्ता और धार्मिक निष्ठा को याद किया और उनके योगदान को हमेशा याद रखने का संकल्प लिया।
कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि पंडित ऐताल ने अपने जीवन को वेद शास्त्रों, भागवत और पुराणों के अध्ययन-अध्यापन और प्रचार में समर्पित किया था। इस दाैरान शशींद्र मिश्रए प्रो. रामपूजन पांडेय, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, प्रो. महेंद्र पांडेय, दिनेश कुमार गर्ग माैजूद रहे।
समाजसेवी गणेश यादव का निधन
अस्सी निवासी समाजसेवी एवं व्यवसायी गणेश यादव का 68 वर्ष की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने मिर्जापुर अदलहाट स्थित अपने पैतृक गांव रस्तोगी में अंतिम सांस ली। दोपहर बाद उनका पार्थिव शव अस्सी स्थित आवास पर लाया गया।
अंतिम यात्रा यात्रा हरिश्चंद्र घाट के लिए निकली और अंतिम संस्कार हुआ। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र कुलदीप यादव ने दी। वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र एवं एक पुत्री का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी शव यात्रा में भाजपा नेता सुधीर मिश्रा, पूर्व एमएलसी केदार सिंह, रवि मिश्रा सहित अस्सी भदैनी के नागरिक शामिल हुए।
विद्यालय में मिली सुविधाओं की कमी
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शनिवार को जंगमबाड़ी वार्ड में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा गणेश महाल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण भी किया। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी होने पर अधिकारियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। भाजपा नेता दिलीप तुलस्यानी, सोमनाथ यादव, पार्षद विजय द्विवेदी और पूर्व पार्षद विजय कृष्ण गुप्ता मौजूद रहे।
सैनिकों के शौर्य के लिए हनुमान चालीसा पाठ
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच वीर सैनिकों के शौर्य और दीर्घायु जीवन के लिए अस्सी घाट पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। श्री हनुमान सेना और गंगा सेवा समिति की ओर से आयोजित इस पाठ में हजारों की संख्या में बटुक और देशभक्त काशीवासी जुटे। ये सामूहिक चालीसा पाठ शुक्रवार को शुरू हुआ था। हनुमान चालीसा में प्रमुख रूप से सुधीर सिंह, विजय कपूर, मार्कंडेय तिवारी समेत गंगा सेवा समिति के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
बिना गीता ज्ञान, जीवन अधूरा
तुलसी घाट के वीरभद्र मिश्र सभागार में शनिवार को गीता पर व्याख्यान हुआ। प्रख्यात गीता मर्मज्ञ अंतरराष्ट्रीय वक्ता स्वामी कृष्णकांत ने युवाओं में गीता को अनुसरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गीता जी के अनुसार साधनों के पीछे ना भागें, संबंधों को ध्यान में रखें। सभा में प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल, प्रो. अरविंद जोशी, प्रो. अभिषेक पाठक, प्रो. विंध्याचल यादव, प्रो. अमित द्विवेदी, प्रो पवन दुबे, डॉ वरुण सिंह, अनिल शर्मा, मानती शर्मा मौजूद रहे।
माथे की लकीरों से जान सकते हैं भविष्य
ज्योतिष शास्त्र में भाल रेखा को महत्वपूर्ण माना जाता है। भाल रेखा या माथे की रेखाएं व्यक्ति के जीवन, भूत, वर्तमान और भविष्य के बारे में जानकारी देती है। ये रेखाएं व्यक्ति के मस्तिष्क की स्थिति, आकार, रंग और रेखाओं के अध्ययन से फलादेश करती हैं। बुद्धि और सोच-विचार की क्षमता भी इस पर निर्भर है। अतः ज्योतिष शास्त्र के अंतर्गत भाल रेखा का अध्ययन अति महत्वपूर्ण माना जाता है।
उक्त बातें काशी विद्वत परिषद के मंत्री व राष्ट्रपति पुरस्कृत पूर्व प्राचार्य डाॅ. गणेश दत्त शास्त्री ने शनिवार को दशाश्वमेध के अति प्राचीन शास्त्रार्थ महाविद्यालय में ज्योतिष ज्ञान शिविर के शुभारंभ पर कहीं।
पांच विग्रहों की हुई प्राण प्रतिष्ठा
काशी कुष्ठ सेवा संघ व वृद्ध आश्रम हीरामनपुर (आशापुर) चल रही देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शनिवार को पूर्णाहुति हुई। आचार्य जयराम दीक्षित के आचार्यत्व में पांच वैदिक ब्राह्मणों ने वेदी पूजन के बाद विधिवत पूजन कर शिवलिंग, राधा-कृष्ण, पंचमुखी हनुमान और चित्रगुप्त की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई। हवन कुंड में लोगों ने आहुतियां डाली। इसके बाद भंडारे में हजारों की तादाद में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में भाजपा काशी क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव, रमेश लालवानी, दीपक अग्रवाल माैजूद रहे।
गर्मी में दिया खिचड़ी और ठंडा पानी
सामाजिक संस्था संकल्प द्वारा संचालित संकल्प अन्नक्षेत्र की ओर से शनिवार को चौक स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण और जल सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर जी के जन्मदिवस के पूर्व श्रद्धालुओं को हलवा प्रसाद भी वितरित किया गया। इस दौरान संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, प्रो. अनिल कुमार द्विवेदी, प्रो. शशि द्विवेदी, राकेश टंडन और मृदुला अग्रवाल का सहयोग रहा।
एनडीआरएफ ने सिखाए युद्ध से बचाव के गुर
एनडीआरएफ की 11 वीं बटालियन द्वारा शनिवार को औसानगंज स्थित डीएवी इंटर काॅलेज में आपातकालीन परिस्थितियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। एनडीआरएफ के डीआईजी मनोज शर्मा के निर्देश पर टीम ने विद्यालय के एनसीसी कैडेट एवं छात्रों को युद्ध के दौरान हवाई हमले से बचाव आग एवं पानी से सुरक्षा के बारे में बताया। दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार सीपीआर देने एवं भूकंप से बचाव, लू से बचाव, आसमानी बिजली से बचाव, सड़क दुर्घटना से बचाव, बाढ़ से बचाव आदि विषय पर विस्तार से डेमो दिखाया।
काशी के न्यायाधीश को सिंदूर लगाकर की आरती
भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के आगे पाकिस्तान घुटनों के बल आ जाए की कामना से काशी के न्यायाधीश बाबा लाट भैरव के दरबार में विशेष अनुष्ठान किया गया। शनिवार को नमामि गंगे गंगा विचार मंच व श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से कज्जाकपुरा स्थित बाबा श्री कपाल भैरव प्रसिद्ध लाट भैरव मंदिर में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की कामना की गई। इस दौरान संजय पांडेय, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, पूजा गुप्ता, सपना वर्मा, अमन, कार्तिक, शिवाय मौजूद रहे।
अन्वेषा के नृत्य से सजी वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या में शनिवार को अन्वेषा पांडेय का कथक हुआ। छावनी के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में नृत्य की शुरुआत गणपति वंदना से की। इसके बाद शिव वंदना नागेंद्रहाराय एवं देवी स्तुति की प्रस्तुति की। तराना के बाद अंत में भाव नृत्य ठुमरी प्रस्तुत किया। कलाकारों को प्रमाण पत्र दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं प्रख्यात मूर्तिकार बद्री प्रसाद प्रजापति ने प्रदान किया।
यूपी काॅलेज का छात्र दिल्ली में बना वैज्ञानिक
बीएचयू और यूपी कॉलेज के पूर्व छात्र डॉ. विनोद यादव का नई दिल्ली के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस में वैज्ञानिक पर चयन हुआ है। कम्युनिकेशन एंड पॉलिसी रिसर्च पर काम करेंगे। स्नातक उदय प्रताप कॉलेज और एमएससी बीएचयू से हुआ है। इसके बाद विनोद ने सीएसआईआर की नेट-जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की। डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त है।
आईटीआई में कैंपस प्लेसमेंट 14 को
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 14 मई को सुबह 9.30 बजे कैंपस प्लेसमेंट होगा। मेले में 200 वेकेंसी है। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि निमराना राजस्थान की कंपनी में महिलाओं के लिए वेकेंसी है। उन्हें 17,776 हजार रुपये प्रति माह सैलरी दी जाएगी। 2021, 2022, 2023 और 2024 के आईटीआई के पासआउट विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।
जगतपुर कॉलेज के 25 लोगों को सम्मान
जगतपुर पीजी कॉलेज के सुभाष रोवर क्रू को उप राष्ट्रपति सम्मान से नवाजने पर कॉलेज में समारोह किया गया। प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह ने 25 सदस्यों को सम्मानित किया। उप राष्ट्रपति अवॉर्ड के तहत रोवर, रेंजर, रोवर स्काउट लीडर, रेंजर लीडर का प्रमाणपत्र दिया गया था। एनसीसी लेफ्टिनेंट डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने लोगों को संबोधित किया।
चुनौती बिना सामाजिक परिवर्तन अधूरा
वसंता महिला महाविद्यालय, राजघाट और श्री सत्य साईं यूनिवर्सिटी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस, कर्नाटक के बीच तीन दिन की संगोष्ठी हुई। मुख्य वक्ता बंगलुरु यूनिविर्सटी की प्रो. सुधेष्णा मुखर्जी ने कहा कि लैंगिक समानता तब ही संभव है जब हम अपने शैक्षिक ढांचे में बदलाव लाएं। प्राचार्य प्रो. अलका सिंह ने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने से पूरा राष्ट्र शिक्षित होता है।
निवेदिता शिक्षा सदन में मेधावी छात्राएं सम्मानित
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को अभिभावक संघ की बैठक हुई। यूपी बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोक कल्याण न्यास के मंत्री श्रीराम सुचित पांडेय उपस्थिति रहीं। अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या आनंद प्रभा सिंह ने की। संचालन मीनू यादव ने किया।
विवेक बने आंबेडकर हॉस्टल के प्रशासनिक संरक्षक
बीएचयू में विधि संकाय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक कुमार पाठक को हॉस्टल का प्रशासनिक संरक्षक बनाया गया है। उनका कार्यकाल एक जून से शुरू होगा।
बीएचयू में क्रिएटिव वर्कशाॅप
बीएचयू के वेल-बीइंग सर्विसेज सेल में हुई रंगीन क्रिएटिव वर्कशॉप में कक्षा 1 से लेकर पांचवीं तक के प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी रचनात्मक कला का प्रदर्शन किया। विजुअल आर्ट्स के एसआरके फेलो, अन्नपूर्णा, पल्लवी और राजन राव के सहयोग से इस कार्यक्रम के जरिए छोटे बच्चों की कल्पना शक्ति को मजबूती दी। यहां पर बच्चों को मांजा और हाथ वाली कलाओं को भी सिखाया गया।