Budget 2023: स्वतंत्र भारत का यह सबसे शानदार बजट, वाराणसी में डिप्टी सीएम केशव बोले- नौटंकी बंद करें अखिलेश
बजट पेश होने के बाद वाराणसी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उपमुख्यमंत्री ने इसे स्वतंत्र भारत के इतिहास का सबसे शानदार बजट बताया। कहा कि बजट में सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार सुबह वाराणसी पहुंचे। लालपुर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय सीबीएसई एथलेटिक मीट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बजट की तारीफ की तो वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि यह गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों और आर्थिक रूप से पिछड़ों तथा मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त और सक्षम बनाने वाला बजट है। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आकर बजट के बारे में बात करना मेरे लिए गर्व की बात है। बजट में सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है।
आम जनता हो, किसान हो, युवा और महिला हर वर्ग के लिए ये बजट कल्याणकारी है। ये बजट भारत को विश्व में अग्रसर बनाने की ओर है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्वतंत्र भारत के इतिहास का सबसे शानदार बजट है। ऐसा बजट "न भूतो न भविष्यति" वाला रहता है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान की भाजपा मंदिरों में जाने से रोक रही के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मंदिर सभी का है। मंदिर में किसी भी प्रकार से किसी को रोका नहीं जा रहा है। वो नौटंकी करना बंद करें। कहा कि वह भी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर आएं और प्रयागराज में कुंभ मेले में जाकर स्नान करें। हम चाहते हैं कि वे लोग भक्ति भाव से मंदिर आएं। राजनीति न करें।
हमारे देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं
इससे पहले लालपुर स्टेडियम में इपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कि बच्चे भारत के भविष्य हैं। यह कहने में हमें गर्व है कि हमारे देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस अवसर की कमी थी। जबसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार बनी है, अब प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रकट करने का प्लेटफॉर्म मिल रहा है।
ऐसे आयोजनों के आधार पर मुझे पूरा विश्वास है कि बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिसके बाद वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के साथ अपने प्रदेश, परिवार और कॉलेज का मान बढ़ाएंगे। इस कार्यक्रम में विभिन्न अरब देशों सहित अन्य प्रदेशों से प्रतिभाग करने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने आकर्षक प्रस्तुति की।
दिवंगत पूर्व सांसद के घर पहुंचे डिप्टी सीएम, अर्पित की श्रद्धांजलि
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को दिवंगत पूर्व भाजपा सांसद आनंद रत्न मौर्य के पैतृक आवास चिरईगांव जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। डिप्टी सीएम ने कहा कि हम लोगों के बीच से एक सरल, सहज समाजसेवी, राजनेता चला गया। उनके आदर्शों का अनुकरण ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। दिवंगत सांसद के गांव में उनके नाम से एक विशेष विकास कार्य करवाने की बात भी उपमुख्यमंत्री ने कही। बता दें कि चंदौली लोकसभा से लगातार तीन बार भाजपा के टिकट पर सांसद रहे आनंद रत्न मौर्य का हाल ही में निधन हो गया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.