बीएचयू: सुविधाओं की हकीकत जानने ट्रामा सेंटर पहुंचे कुलपति, पैथोलॉजी लैब में जांच हुई शुरू
मरीजों को जांच के बाद 3 से 4 घंटे में ही रिपोर्ट भी मिल जाया करेगी। इस लैब में चार अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं।
विस्तार
मरीजों की सुविधाअों की हकीकत जानने शनिवार को कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन बीएचयू के ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी से लेकर वार्ड सहित अन्य जगहों का दौरा किया। इसके साथ ही पैथोलॉजी लैब में जांच की शुरूआत की। इस लैब के शुरू होने के बाद दूर दराज से आने वाले मरीज एक ही जगह खून की सभी जांच करा सकेंगे।
शनिवार दोपहर में कुलपति ने ट्रामा सेंटर में ओपीडी, पंजीकरण काउंटर, डे केयर यूनिट का दौरा करने के साथ ही मरीजों और परिजनों से सुविधाओं के बारे में भी बातचीत की। इसके साथ ही बोन मैरो ट्रांसप्लांट, स्टेम सेल रिसर्च सेंटर, मनोचिकित्सा ब्लॉक, दंतचिकित्सा संकाय, डॉक्टर्स हॉस्टल, नर्सेस हॉस्टल का भी निरीक्षण किया।
चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों संग संवाद में कुलपति ने कहा कि आईएमएस जैसे वे संस्थान जो स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हैं, अत्यंत दबाव में हैं तो बीएचयू परिवार के सदस्य होने की वजह से सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करना होगा। इस दौरान आईएमएस निदेशक प्रो. बीआर मित्तल सहित अन्य चिकित्सक व अधिकारी मौजूद रहे।
तीन से चार घंटे में ही मिल जाएगी रिपोर्ट
ट्रामा सेंटर में बने पैथोलॉजी लैब के शुरू होने के बाद प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से वीसी को सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रो. सौरभ सिंह ने बताया कि मरीजों को पहले खून की जांच (सीबीसी, एलएफटी, आरएफटी, ब्लड ग्लूकोज लेवल आदि) के लिए बाहर जाना पड़ता था।
अब यह समस्या भी दूर हो जाएगी। मरीजों को जांच के बाद 3 से 4 घंटे में ही रिपोर्ट भी मिल जाया करेगी। इस लैब में चार अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और के लिए सुविधाओं में सुधार के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी।