दालमंडी: चौक थाने में खुले PWD के कैंप कार्यालय से होगी रजिस्ट्री, आज से काम शुरू; जांच के बाद होंगे तोड़फोड़
दालमंडी में चाैड़ीकरण को लेकर पीडब्ल्यूडी ने कैंप कार्यालय बनाया है। चौक थाने में इससे जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। बताया गया है कि मुआवजा देने के बाद चौड़ीकरण का काम शुरू होगा।
विस्तार
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के लिए चौक थाने में खुले पीडब्ल्यूडी के कैंप कार्यालय से ही रजिस्ट्री कराने की तैयारी प्रशासन ने कर ली है। मंगलवार से यहां रजिस्ट्री से जुड़े कार्य शुरू होंगे।
दरअसल रजिस्ट्री कार्यालय में जाकर वहां रजिस्ट्री कराने में काफी समय लगता है। कुछ लोग वहां जाना नहीं चाहते हैं। इस सुविधा से दालमंडी के लोगों को भी राहत हो जाएगी। प्रभावित लोगों की सुविधा का प्रशासन ने ख्याल किया है।
अब तक 35 से अधिक संपत्ति के कागजात पीडब्ल्यूडी के पास आ गए हैं। इनकी जांच शुरू कराई गई है। एक रजिस्ट्री प्रशासन की देखरेख में हुई है लेकिन अभी उसका नाम गोपनीय रखा गया है। साथ ही चौक थाने में खुले कैंप कार्यालय लोग आ जा रहे हैं। यहां सभी संपत्तियों की जांच करने के बाद सड़क चौड़ीकरण के हिसाब से तोड़फोड़ का काम शुरू होगा।
यह सबकुछ तब होगा जब सभी पक्ष राजी हो जांएगे। यहां के लोगों को पूरी योजना और डिजाइन आदि के बारे में बताया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि कैंप कार्यालय में संपत्ति की जांच कराई जा रही है। मुआवजा देने के बाद चौड़ीकरण का काम शुरू होगा।
नाम किसी का नोटिस किसी को... की शिकायत
पीडब्ल्यूडी के पास शिकायत आई है कि पिछले दिनों जिन घरों पर नोटिस चस्पा किया गया था। उनमें नाम किसी का है और नोटिस किसी और मिल गया है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार कागजात की जांच चल रही है। कहीं कोई दिक्कत या गड़बड़ी होगी तो उसे दुरुस्त करा ली जाएगी।