Varanasi: गुजरात में था टैंकर, चालान कटा डाफी टोल प्लाजा पर, वाहन मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
गुजरात में मौजूद एलपीजी टैंकर का चालान बनारस के डाफी टोल प्लाजा पर कट गया। इसकी शिकायत वाहन स्वामी से मिलने पर लंका थाने में आरोपी कार्तिक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
गुजरात में मौजूद एलपीजी टैंकर का चालान बनारस के डाफी टोल प्लाजा पर कट गया। इसकी शिकायत वाहन स्वामी से मिलने पर लंका थाने में आरोपी कार्तिक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मथुरा के कौलाहर निवासी प्रेमपाल चौधरी ने पुलिस को बताया कि उनका गैस टैंकर गुजरात से अलीगढ़ रूट पर चलता है और वह जीपीएस की सुविधा से लैस है। बीते 16 जनवरी को उनका टैंकर गुजरात में था, लेकिन उसका चालान डाफी टोल प्लाजा पर कट गया।
चालान कटने की जानकारी मिलने पर उन्होंने जांच कराई तो पता लगा कि उनके टैंकर के रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल वाराणसी में कार्तिक नामक व्यक्ति कर रहा है। इस तरह से उनके वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से वाराणसी में फर्जी तरीके से मालवाहक चलाए जा रहे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीआईएसएफ जवान से 16 लाख की धोखाधड़ी
सीआईएसएफ जवान के साथ जमीन दिलाने के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित जवान ने लंका थाने में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। चंदौली के कंजेहारा असना निवासी श्याम बिहारी यादव के अनुसार वह झारखंड बोकारो में सीआईएसएफ में है।
आरोप है कि धीना चंदौली का रहने वाले रिश्तेदार सत्येंद्र यादव ने जमीन दिलाने के लिए कुछ लोगों से मुलाकात कराई। जमीन का सौदा 16 लाख में तय हुआ। सत्येंद्र के कहने पर अतुल पांडेय, हिमांशु पांडेय, बेचना कुमारी निवासी शिवाजी नगर कॉलोनी और हरिओम नगर सामनेघाट निवासी अभिषेक चौबे, धीना चंदौली के आलोक कुमार और मंडुवाडीह के रहने वाले सिद्धार्थ आर्या ने चेक लिया। जमीन पर कब्जा भी नहीं दिया। जब पैसे की मांग की तो धमकी दी। बीच में एसीपी भेलूपुर कार्यालय में समझौता हुआ। उसके बाद सभी आरोपी अपनी बातों से मुकर गए।