UP: डच रेसलर हर्बर्ट 2017 से मना रहे कोबरा फेस्टिवल, देसी-विदेशी पहलवानों ने घुमाया 21 किलो का गदा
Varanasi News: बीएचयू के बचऊ वीर अखाड़े में सपा-भाजपा नेताओं में नुरा-कुश्ती करते नजर आए। वहीं सेठ इंटरनेशनल अखाड़े में अंजली ने गुड़िया को हराया।
विस्तार
इस नागपंचमी काशी में तुलसी घाट पर काशी के देसी पहलवानों के अखाड़ी दांवपेंच तो डच और स्पेनिश रेसलरों के सिक्स पैक एब्स चर्चा में रहे। नीदरलैंड (डच) के हर्बर्ट नाग पंचमी को कोबरा फेस्टिवल कहते हुए पहलवानी की और जब 21 किलो का गदा घुमाया तो काशीवासियों ने महादेव के जयघोष के साथ उनका हौसला बढ़ाया। यहां से दो किमी दूर बीएचयू के बचऊ वीर अखाड़े में सपा-भाजपा नेता भी नुरा-कुश्ती करते नजर आए।
सपा नेता अमन यादव और भाजपा पार्षद राम सिंह कल्लू के बीच 15 मिनट तक चली कुश्ती कोई किसी को हरा नहीं पाया। मुकाबला बराबरी पर छूटा तो दोनों में 5100 रुपए की इनामी राशि बांटी गई। इसी तरह से काशी के 50 से ज्यादा अखाड़ों पर 1000 से ज्यादा पहलवानों की तेजी, फुर्ती और ताकत दिखी।
तुलसी घाट पर स्वामीनाथ अखाड़े में सुबह 9 बजे हनुमान प्रतिमा का विधिवत पूजन किया गया। फिर पहलवानों ने अखाड़े की मिट्टी को नमन कर कुश्ती दिखाना शुरू किया। हर्बर्ट ने बताया कि इस त्योहार में काशी की ताकत और परंपराएं दोनों दिखती हैं। बीते 2017 से यानी कि 10 साल काशी आ रहा हूं।
इस पर तुलसीघाट पर महिला पहलवान नहीं दिखीं। इस पर संकट मोचन मंदिर और अखाड़ा प्रमुख प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने कहा कि बिना महिलाओं के सहयोग से कोई आगे नहीं बढ़ पाएगा। पिछले साल अखाड़ों में महिलाओं को इसीलिए यहां से प्रवेश दिलाया गया था। यहां पहुंचे पूर्व पहलवान और पहलवान लस्सी के प्रमुख मनोज यादव ने कहा कि काशी का ये इतना पुराना अखाड़ा है कि हमारी कई पीढ़ी यहां पर कुश्ती के दांवपेंच सीखा चुकी है। हर वर्ष नए-नए पहलवान भी जुड़ रहे हैं। यहां की तैयारियों को हम लोग देखते हैं।
मैट पर 150 पहलवानों ने दिखाई दांवपेंच की तकनीक
कज्जाकपुरा स्थित गुरु गया सेठ इंटरनेशनल अखाड़े में करीब 150 पहलवानों ने मैट पर अपनी ताकत और दांवपेंच दिखाए। लड़कियों की कुश्ती भी खास आकर्षण का केंद्र रही। 9 मिनट के रोमांचक मुकाबले में नेशनल रेसलर अंजली ने गुड़िया को हरा दिया। वहीं ज्यादातर मुकाबले बराबरी पर छूटे। यहां पर सोमवार से ही कुश्ती का कैलेंडर भी शुरू हो गया। गया सेठ के संरक्षक मनोहर सिंह यादव, विशेष अतिथि किशन दीक्षित और अंतरराष्ट्रीय पहलवान जमुना सिंह यादव, बच्चे लाल यादव, दिनेश पांडेय, संतोष यादव, चंद्रिका यादव आदि पहुंचे।
शिवपुर के फलहारी बाबा अखाड़े में नाग पंचमी पर सजा कुश्ती का महासंग्राम, पहलवानों ने दिखाया दमखम
शिवपुर स्थित प्रसिद्ध फलहारी बाबा अखाड़े में भव्य कुश्ती और दंगल प्रतियोगिता हुई। माटी वंदन के बाद शुरू हुई दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों के बीच एक से बढ़कर एक कड़े मुकाबले देखने को मिले। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामचन्द्र पहलवान, केशव यादव, चन्दन यादव, जीतूं यादव, रामप्रसाद यादव, सुरेन्द्र यादव, झूल्लू यादव और काशी यादव सहित कई गणमान्य लोग एवं वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे।
सलीम ने पारस को दी पटखनी
कछवा रोड सेवापुरी ब्लाक के ठटरा गांव स्थित कोटेश्वरी देवी मंदिर के मैदान में बने अखाड़े में कुश्ती दंगल प्रतियोगिता हुई। ठटरा के सलीम पहलवान ने कूड़ी के पारस पहलवान को पटखनी देकर तीन हजार रुपए का इनाम जीता। रेफरी नंदलाल पाल और श्यामलाल पाल ने अखाड़े पर कुश्ती का निर्णय दिया। पूर्व प्रधान सियाराम केसरी ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।