Solar Panel: दो महीने में बचेगी शहर की 25 मेगावाट बिजली, सोलर रथ से होगा प्रचार; ये है प्लान
ऊर्जा सचिव ने वाराणसी को सोलर औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इस योजना से सभी शिक्षण संस्थानों और रिहायशी आवास को शामिल करें। सचिव ने विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष को भवनों के नक्शे पास करने के दौरान भी सोलर योजना के संबंध में एनओसी को देने का निर्देश दिया।
विस्तार
अगले दो महीने में जिले में 25 मेगावाट बिजली बचाने की योजना है। यूपी नेडा सरकारी भवनों के साथ लोगों के घरों में सोलर पैनल लगाएगी। यह बातें सोमवार को अपर मुख्य सचिव ऊर्जा महेश कुमार गुप्ता ने कमिश्नरी सभागार में सोलर रूफ टॉप योजना की समीक्षा बैठक में कहीं। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों को व उनसे संबंधित विभिन्न वेंडर को शामिल किया जाएगा। वाराणसी में अब तक 664 उपभोक्ताओं ने 27 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल लगवाए हैं।
ऊर्जा सचिव ने वाराणसी को सोलर औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इस योजना से सभी शिक्षण संस्थानों और रिहायशी आवास को शामिल करें। सचिव ने विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष को भवनों के नक्शे पास करने के दौरान भी सोलर योजना के संबंध में एनओसी को देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी 10 वार्डों में सूर्य रथ चलाया जाएगा। इस दौरान मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने योजना के प्रचार प्रसार के लिए वार्डों में पार्षदों के साथ वार्ता करने को कहा। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को योजना के तहत लक्ष्य तय करते हुए प्रतिदिन की बढ़ोतरी की प्रगति रोजाना देने को कहा।
बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, निदेशक यूपी नेडा अनुपम शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विकास भवन में बनेगा कंट्रोल रूम
यूपी नेडा के निदेशक अनुपम शुक्ला ने कमिश्नरी सभागार में कहा कि योजना के प्रचार के लिए जिले में नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा पूर्वांचल डिस्कॉम के 44 अवर अभियंताओं और आठ खंड अधिकारियों को भी योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी जाएगी। विकास भवन में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। किसी समस्या या जानकारी के लिए यूपीनेडा की वेबसाइट यूपीनेडा.ओआरजी.इन या विकास भवन के चतुर्थ तल कमरा नं 405 एवं 406 में या मो. नं. 9369672529, 9118861933, 9415609067 पर संपर्क किया जा सकता है।
पार्षदों ने किया बैठक का बहिष्कार
अपर मुख्य सचिव ऊर्जा महेश कुमार गुप्ता की सोमवार को हुई बैठक का पार्षदों ने बहिष्कार किया। पार्षदों ने बताया कि बैठक का समय उन्हें एक बजे का दिया गया। जब पार्षद पहुंचे तो हॉल में बैठने की जगह नहीं थी। पार्षदों द्वारा आवाज उठाने पर अपर मुख्य सचिव ऊर्जा महेश कुमार गुप्ता ने कहा कि अभी वेंडरों संग बैठक चल रही है, इसके बाद पार्षदों संग वार्ता होगी। इस पर पार्षद वापस लौट गए।
उद्यमियों ने की अपर मुख्य सचिव ऊर्जा से मुलाकात
सोलर रूफ टॉप योजना के संबंध में सोमवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी व संगठन के फूड प्रोसेसिंग एवं कृषि आधारित उद्योग के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने अपर मुख्य सचिव अपर मुख्य सचिव महेश गुप्ता जी मुलाकात की। साथ ही नेट मीटरिंग व रूफ टॉप सोलर इंस्टालेशन पर मिलने वाली केंद्र व राज्य सरकार की संयुक्त सब्सिडी पर चर्चा की।