एक्शन: पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े लूट के खुलासे में देरी पर थानाध्यक्ष सस्पेंड, वायरल ऑडियो में सिपाही निलंबित
उत्तर प्रदेश के दो जिलों आजमगढ़ और जौनपुर में पुलिसकर्मियों को लापरवाही की सजा मिली है। एक थानाध्यक्ष और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वहीं एक और वायरल ऑडियो मामले में एसपी ने कोतवाल के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े लूट के मामले में दो दिन बाद भी कोई सफलता न मिलने पर जौनपुर एसपी राजकरन नय्यर ने महराजगंज एसओ ओमनारायण सिंह को रविवार को निलंबित कर दिया। उनकी जगह थानागद्दी चौकी प्रभारी संतोष राय को महराजगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए थानाध्यक्ष के लिए इस घटना का खुलासा चुनौती होगी।
वहीं आजमगढ़ में भी एक सिपाही को निलंबित किया गया है। लमहन में शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर असलहे के बल पर नोजल कर्मियों से रुपये से भरा बैग लूट लिया था। बैग में 1.61 लाख रुपये थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी ने 48 घंटे में बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए चार टीमें गठित की थी। ताबड़तोड़ छापे की कार्रवाई कर पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया, लेकिन उनसे भी कोई सुराग नहीं मिला।
एबीएस पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुई घटना से पुलिस महकमे की खूब किरकिरी हुई थी। उसके बाद खुलासे में भी देरी से एसपी असंतुष्ट हैं। इससे पहले इसी थाना क्षेत्र के मजीठी गांव में 16 अप्रैल को लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या कर दी गई थी, जबकि पांच मई को कंधीकला ग्राम पंचायत के करछुली में युवक की हत्या हुई थी। इस पर एसपी ने थानाध्यक्ष ओमनारायण सिंह पर कार्रवाई की।
अपराधी से बातचीत का ऑडियो हुआ वायरल
आजमगढ़ पुलिस की अपराधियों से साठगांठ का मामला सामने आया है। इसका ऑडियो वायरल होने पर एसपी ने रविवार को संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया है। प्रकरण महराजगंज थाना क्षेत्र का है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के शातिर अपराधियों में शुमार हरिहर यादव निवासी देवारा जदीद टोटहवा को पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए थाने के सिपाही राकेश कुमार यादव रुपये की मांग कर रहा था। मोबाइल फोन पर राकेश कुमार यादव व हरिहर के बीच लगातार बातचीत हो रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया।
रविवार को मामला एसपी तक पहुंचा तो महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने तत्काल सिपाही को निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच बैठा दी। अभी चार दिन पहले शराब के अवैध कारोबारियों से भी एक पुलिसकर्मी की मिलीभगत सामने आई थी। अपराधियों से साठगांठ के चलते अब पुलिस महकमे से लोगों का विश्वास उठता जा रहा है।