Sport : पांच स्पर्धाओं में 700 ने दिखाया दम ऊंची कूद में देवांक ने जीता सोना, पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में खेल की छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न जगहों पर होने वाले प्रतियोगिताओं में संबंधित कई खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
विस्तार
बड़ा लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की मेजबानी में हो सीबीएसई की राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट में मंगलवार को 700 खिलाड़ियों ने पांच स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाई।
सीनियर वर्ग के भाला फेंक में 48 मीटर भाला फेंककर सुमित ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-19 सीनियर बालक वर्ग के चार सौ मीटर दौड़ में युवान शारावन (एयर फोर्स स्कूल एएफए) और बालिका वर्ग में वंशिका, अंडर-17 बालक वर्ग के ऊंची कूद में देवांक भूषण, शॉट पुट में अभय त्यागी, ट्रिपल जंप में साहिल पांडेय, सौ मीटर दौड़ बालक में एफ फेड्रिक रसेल, बालिका वर्ग में आरती, डिस्कस थ्रो में लक्षिता महलावत, चार सौ मीटर दौड़ में योजित, बालिका में नेथरा एम, अंडर-14 बालक वर्ग के सौ मीटर दौड़ में माधुर्ज्य, बालिका वर्ग में मंशा, अंडर-19 बालक वर्ग के सौ मीटर दौड़ में हरीश एस, बालिका में रीतिका, लंबी कूद में प्रीत ने पदक जीता।
संचालन संस्था के सचिव राहुल सिंह, धन्यवाद ज्ञापन निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ने किया। इस दौरान पवन सिंह, डाॅ. अभिषेक, अशोक, बृजेश मौजूद रहे।
मंडलीय योगासन प्रतियोगिता के लिए 15 ने किया क्वालिफाई
बालक वर्ग की माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय योगासन प्रतियोगिता मंगलवार को बंगाली टोला इंटर कॉलेज में हुई। उद्घाटन प्रभु नारायण इंटर कॉलेज रामनगर के प्रधानाचार्य डॉ़ प्रभाष झा ने की। स्वागत प्रधानाचार्य बृजेश मणि पांडेय ने किया। प्रतियोगिता में दस जोन के 45 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 15 खिलाड़ी मंडलीय प्रतियाेगिता के लिए चयनित हुए।
वॉलीबॉल में ग्लेनहिल ने शिएट स्कूल को दी मात
सीबीएसई वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को हरबल्लमपुर के शिएट पब्लिक स्कूल में मार्च पास्ट से हुआ। यह प्रतियोगिता 8 से 11 अक्तूबर तक खेली जाएगी।
प्रतियोगिता में तीन राज्यों की 141 टीमों के 2500 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पहले दिन बालक वर्ग में अंडर-19 टीमों के मुकाबले हुए। उद्घाटन मैच शिएट पब्लिक स्कूल और ग्लेनहिल स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें ग्लेनहिल ने 2-1 से जीत दर्ज की।
सेठ एमआर जैपुरिया प्रयागराज को एमपीबीएम प्रयागराज ने 2-1 और सेंट्रल पब्लिक स्कूल गाजीपुर की टीम ने जीडी गोयनका स्कूल को 2-1 से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि अपर मंडल आयुक्त प्रशासन राकेश कुमार गुप्ता, न्यायाधीश अश्विनी दूबे के अलावा विनोद सिंह, नवीन सिंह, विवेक, प्रिया सिंह मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया
माध्यमिक स्कूली की राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता मध्य प्रदेश में होगी। मंगलवार को बच्छाव के महामना इंटर कॉलेज में खिलाड़ियों ने अभ्यास मैच खेला। कोच डॉ. जितेंद्र ने बताया कि तीन खिलाड़ियों ने क्वालिफाई किया है।
स्केटिंग में निशा ने स्वर्ण पदक जीता
चौक स्टेडियम में सीबीएसई ईस्ट जोन स्केटिंग प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में लहरतारा की निशा केशरी ने स्वर्ण पदक जीता। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स ने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। इस वर्ष रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता लखनऊ पब्लिक स्कूल में खेली जा रही है।
दूसरे दिन काशी प्रांत का दबदबा
35वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन काशी प्रांत ने 30 स्वर्ण, 16 रजत और आठ कांस्य के साथ 54 पदकों पर कब्जा जमाया। साथ ही 206 अंकों के साथ अपना दबदबा कायम रखा। वहीं, काशी ग्रामीण ने चार गोल्ड, पांच सिल्वर, छह कांस्य सहित 15 पदकों के साथ 41 अंक हासिल किए।
हॉकी : वाराणसी ने ताबड़तोड़ 5 गोल कर अलीगढ़ को हराया
प्रादेशिक माध्यमिक स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में वाराणसी की सब जूनियर बालक टीम ने जीत से आगाज किया। मंगलवार दोपहर गोरखपुर में खेले गए मुकाबले में वाराणसी ने अलीगढ़ को एकतरफा दस गोल से हराया।
विपक्षी खिलाड़ी निर्धारित समय में एक भी गोल नहीं कर सके। वाराणसी के खिलाड़ियों के आक्रामक रणनीति से उबरने के लिए जब तक अलीगढ़ की टीम रणनीति में बदलाव करती तब तक वाराणसी की टीम ताबड़तोड़ पांच गोल दागकर बढ़त ले चुकी थी। वाराणसी ने हमलावर रणनीति और बुलंद हौसले के साथ विरोधी टीम के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए।
हाफ टाइम के बाद तरोताजा होकर उतरी अलीगढ़ की टीम ने कुछ बेहतर अटैक किए, लेकिन रक्षा पंक्ति को भेदने में नाकाम रही। वाराणसी मंडल की ओर से अभिजीत ने पांच, किशन और सरोज ने दो, सगीर, आतिफ और अजय ने एक-एक गोल किए।
बालिका वर्ग का मैच ड्रॉ
अयोध्या और वाराणसी मंडल के बीच खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा। बालिका वर्ग में पहला मैच वाराणसी मंडल और अयोध्या मंडल के बीच खेला गया। यह मैच गोल रहित बराबरी पर छूटा।