Sawan 2024: काशी के वैदिक ब्राह्मणों की बुकिंग फुल, कराएंगे विविध अनुष्ठान; CEO ने की फर्जी वेबसाइट की शिकायत
Varanasi News: पवित्र सावन माह में पंडित-पुरोहितों के द्वारा विशेष अनुष्ठान किए जाते हैं। इसलिए इनकी डिमांड बढ़ जाती है। महीनों पहले इनकी बुकिंग भी शुरू हो जाती है। इस बार अन्य जिला और राज्यों से भी काशी के पंडितों को पूजन-अर्चन के लिए बुलाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन में काशी के पंडितों की डिमांड बढ़ गई है। देश भर के विभिन्न प्रांतों से सावन में रुद्राभिषेक और पूजन कराने के लिए काशी के पंडितों की बुकिंग हो रही है। आलम ये है कि सावन में पहले ही बुकिंग फुल हो चुकी है।
काशी के पंडित दूसरे शहरों में एक से 11 दिनों तक रुद्राभिषेक और पूजन के विभिन्न अनुष्ठान कराएंगे। यहां से एक हजार से अधिक आचार्य और सात हजार से अधिक वैदिक ब्राह्मण बाहर जा रहे हैं। इसके अलावा काशी के देवालयों में भी देश-विदेश से ऑनलाइन पूजा के लिए बुकिंग कराई गई है।
भगवान शंकर के अतिप्रिय सावन महीने की शुरुआत 22 जुलाई से हो रही है। काशी के सभी शिवालयों में सावन भर पूजन-अर्चन के साथ विविध अनुष्ठान तो होंगे ही, काशी के पंडित दूसरे शहरों में भी रुद्राभिषेक और अनुष्ठान कराने जाएंगे।
आचार्य शुभम मिश्र ने बताया कि सावन में पूजा के लिए बाहर से काफी यजमानों ने बुकिंग कराई है। यहां से 10 हजार से अधिक वैदिक ब्राह्मण बाहर अनुष्ठान कराने जा रहे हैं। कहीं एक दिन तो कहीं तीन, पांच और 11 दिनों के अनुष्ठान होंगे। सावन में शिवालयों में रुद्राभिषेक के अलावा रुद्री, रुद्रयज्ञ, पार्थिव शिवलिंग पूजन, नमक चमक रुद्राभिषेक आदि अनुष्ठान होता है।
पं. अवशेष पांडेय उर्फ कल्लू महाराज ने बताया कि शिवालयों में सबसे ज्यादा बुकिंग सावन के सोमवार के दिन की है। जबकि शहर में ऑनलाइन पूजन व अनुष्ठान के लिए संचालित दो दर्जन से अधिक वेबसाइटों पर भी बुकिंग फुल है। पूर्वांचल के अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, बिहार, गोरखपुर आदि राज्यों व शहरों में अनुष्ठान के लिए पंडित जी जाएंगे।
बाबा के दरबार में प्री बुकिंग फुल
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में प्री बुकिंग फुल हो चुकी है। मंदिर के कार्यपालक विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि विविध अनुष्ठान के लिए प्री बुकिंग फुल है। भक्तों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई है। बुकिंग कराने वालों में अमूमन 25 से 30 फीसदी नहीं आ पाते हैं। इसलिए दोबारा बुकिंग होती है। उन्होंने बताया कि विश्वनाथ मंदिर के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर बुकिंग के संबंध में डीजीपी को पत्र लिखा है।
चार से छह महीने पहले से कराई है बुकिंग
सावन में अनुष्ठान कराने के लिए भीड़ होती है। आचार्य शुभम ने बताया कि बाहर के यजमानों ने चार से छह महीने पहले से ही बुकिंग करा रखी है। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ, गौरी केदारेश्वर, महामृत्युंजय महादेव में बुकिंग फुल हो चुकी है।
बाकी शिवालयों में भी रुद्राभिषेक सहित अनुष्ठानों के लिए खासकर सोमवार की बुकिंग ज्यादा हुई। जागेश्वर महादेव, तिलभांडेश्वर महादेव, मार्कंडेय महादेव, शूलटंकेश्वर, सारंगनाथ, रामेश्वर महादेव आदि प्रमुख शिवालयों में भी विविध अनुष्ठान होंगे।