UP: पत्नी से अवैध संबंधों के शक में घर से बुलाकर की थी समासिंह की हत्या, गला रेतकर पत्थर से सिर कूंचा; अरेस्ट
Sonbhadra News: जिले के दुद्धी थाना क्षेत्र के मुरता गांव में नौ जून को हुई समासिंह की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पत्नी से अवैध संबंधों के शक में आरोपी ने उसे घर से बुलाया, साथ बैठकर शराब पी और फिर चाकू से गला रेतकर तथा पत्थर से सिर कूंचकर हत्या कर दी। आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
UP News: दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव में दो दिन पहले हुई समासिंह गोंड (26) की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पत्नी से अवैध संबंधों के शक में उसने समासिंह की हत्या की। योजनाबद्ध तरीके से उसे पहले घर से बुलाकर शराब पिलाई। फिर गला रेतकर और पत्थर से सिर कूंचकर उसे मार डाला। पूछताछ के बाद हत्यारोपी राजेंद्र विश्वकर्मा का संबंधित धाराओं में कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए एएसपी अनिल कुमार ने मीडिया को बताया कि नौ जून की शाम मुरता गांव ठेमा नदी पुल के नीचे युवक की खून से लथपथ लाश मिली थी। उसका सिर पत्थर से कूंचा गया और आंख भी फोड़ दी गई थी। गर्दन को धारदार हथियार से रेता गया था।
पास में बाइक और शराब की बोतलें भी पड़ी थी। युवक की पहचान महुअरिया गांव निवासी समासिंह के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह दोपहर में घर से बिना बताए निकला था।
परिजनों में कोहराम
घटना के खुलासे के लिए सीओ दुद्धी राजेश राय के निर्देशन और कोतलाल धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। घटनास्थल और तकनीकी माध्यम से छानबीन में पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इस आधार पर पर बृहस्पतिवार की सुबह बघाड़ू-भीसूर मार्ग स्थित प्रथम पुलिया के पास से आरोपी राजेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया।
राजेंद्र छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी का समासिंह गोड़ के साथ अवैध संबंध था। उसने कई बार समासिंह को अपनी पत्नी से दूर रहने के लिए मना किया था, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और आक्रोशित था।
इसी आवेश में उसने योजनाबद्ध तरीके से समासिंह को फोन कर लीलासी बुलाया। वहां दोनों ने शराब खरीदी और ग्राम मुरता स्थित ठेमा नदी पुलिया के नीचे बैठकर शराब पी। इसके बाद अपने पास रखे चाकू और मौके पर पड़े पत्थर से हमला कर समासिंह गोंड की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बाइक और चाकू बरामद किया है।