तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर: वाराणसी में डिवाइडर से टकराकर स्कूटी सवार युवक की मौत, दोस्त घायल
वाराणसी के भुलेटन निवासी सागर (23) और सोनू (24) स्कूटी से सारनाथ से लौट रहे थे। पंचक्रोशी चौराहे के पास डिवाइडर के कट से अपनी स्कूटी निकालने लगे, इसी बीच तेज रफ्तार से जा रहे वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में सागर की मौत हो गई।
विस्तार
वाराणसी में सारनाथ क्षेत्र के पंचक्रोशी चौराहे के पास रविवार रात वाहन के धक्के से डिवाइडर से टकराकर स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। हेलमेट नहीं लगाने के कारण स्कूटी सवार को सिर में गंभीर चोटें आई और अस्पताल ले जाने के दौरान ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। चौक थाना अंतर्गत भुलेटन निवासी अचल कुमार सेठ का पुत्र सागर सेठ (23) और पड़ोसी लव कुमार का पुत्र सोनू कुमार (24) स्कूटी से सारनाथ आए थे और रात में स्कूटी से घर लौट रहे थे।
चंद्रा चौराहे से पंचक्रोशी की ओर जाते समय डिवाइडर से कट से अपनी स्कूटी निकालने लगे, इसी बीच चंद्रा चौराहे से पंचक्रोशी की ओर से तेज रफ्तार से जा रहे वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इससे दोनों स्कूटी सहित डिवाइडर में टकरा गए। हादसे के बाद वाहन सवार भाग निकला।
हेलमेट होता तो बच जाती जान
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सारनाथ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सागर सेठ की हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर किया, जहां पहुंचने से पहले ही सागर ने दम तोड़ दिया। वहीं सोनू कुमार को भी सिर और हाथ, पैर में चोटें आई है।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के लगे सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है, यह पता करने क प्रयास किया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ। घटना के बाबत परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार यदि सिर में हेलमेट होता है तो सागर की जान बच जाती।
बाइक की टक्कर से वृद्धा की मौत
सिंधोरा थाना अंतर्गत सहमलपुर गांव के समीप रविवार की शाम बाइक के धक्के से वृद्धा की मौत हो गई। वहीं परिजनों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी नहीं दी। सहमलपुर गांव निवासी और बसपा नेता बच्चा लाल प्रजापति की मां रमरज्जी देवी (80) घर के समीप ही सड़क पर टहल रही थी।
इसी बीच सिंधोरा की ओर तेज रफ्तार से जा रहे बाइक सवार ने धक्का मार दिया। धक्का लगते ही वृद्धा सड़क पर दूर जा गिरी और परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद बाइक सवार युवक बरवा गांव के पास बाइक छोड़ कर भाग निकला। इस घटना से सिंधोरा पुलिस देर रात तक अंजान बनी रही।
ट्रैक्टर और ट्रक में टक्कर, एक घायल
उमरहा में रविवार रात ट्रैक्टर और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर सवार एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार विपरीत दिशा से आए बालू लदे ट्रैक्टर की ट्रक से टक्कर हो गई। दोनों चालकों से पूछताछ की जा रही है।