मिर्जापुर में टेंपो पलटने और स्कार्पियो की टक्कर से दो की मौत, सड़क हादसों में 18 घायल
मिर्जापुर जिले में नव वर्ष के पहले दिन शुक्रवार को अलग अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 18 लोग घायल हुए हैं। देहात कोतवाली क्षेत्र में देर रात स्कार्पियो की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई, वहीं पिकनिक मना कर लौटते समय छह लोगों से भरा टेंपो पलट गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
स्कार्पियो की टक्कर से वृद्ध की मौत
मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र में भरुहना के पास बृहस्पतिवार की देर रात स्कार्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल वृद्ध की मौत हो गई। मड़िहान थाना क्षेत्र के बनकी गांव निवासी 65 वर्षीय शिवदास पाल कचहरी में चल रहे मुकदमे की तारीख पर आए थे। वह भरुहना पहुंचकर जैसे ही सड़क पार करने लगे एक स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मंडलीय अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आगे पढ़ें विस्तृत खबर...
टेंपो पलटने से युवक की मौत
नव वर्ष के पहले दिन लखनिया दरी से पिकनिक मना कर लौटते समय छह लोगों से भरा टेंपो अहरौरा थाने के समीप पलट गया। हादसे में अदलहाट के सिरसी निवासी 24 वर्षीय सोनू पुत्र विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो सवार सरिया निवासी रितेश, इंदर भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक टेंपो में सवार तीन अन्य साथियों को साथ लेकर लेकर भाग निकला। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। मृतक सोनू के परिजनों ने बताया कि सरिया गांव में रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने लखनिया दरी जाने की बात कह कर सोनू घर से निकला था।
चार पहिया वाहनों की टक्कर, नौ जख्मी
इसी क्रम में हुई अन्य दुर्घटनाओं में दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हुई। इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार नौ लोग घायल हो गए। दुर्घटना शुक्रवार की शाम वाराणसी शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बिल्लो कुंड के पास हुई। दुर्घटना में मनोज, आकांक्षा, सोनम, शशि कला, दीपू, डुग्गर, समस्त निवासी चकिया जनपद चंदौली व दूसरे वाहन में सवार तारा, फैजल सिंह, मधु सिंह समस्त निवासी गौरा कंचनपुर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बाइक की भिड़ंत में घायल
वहीं बाइक की आपस में टक्कर के दौरान अहरौरा निवासी राजनाथ, मुंशी, और जमालपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी संजीत घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। एक अन्य सड़क दुर्घटना में पर्यटन स्थल लखनिया दरी से पिकनिक मना कर लौट रहे विद्युत उपकेंद्र पर तैनात महेंद्र कुमार बाइक से गिरकर जख्मी हो गए। घायलावस्था में पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। इसी तरह बाइक से गिरकर सत्येंद्र, विक्रम निवासी चोपन सोनभद्र भी घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
बाइक और साइकिल की टक्कर
चील्ह थाना क्षेत्र के मुजेहरा खुर्द आदर्श ढाबा के पास शुक्रवार की शाम बाइक व साइकिल की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। बाइक सवार जौनपुर के जलालपुर निवासी गौतम सोनकर और साइकिल सवार करण कुमार निवासी मुजेहरा खुर्द थाना चील्ह की टक्कर हो गई। दोनों घायलों को मंडलीय अस्पताल भेजा गया।