वाराणसी में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक: कमांड सेंटर का किया निरीक्षण, बोले- पेयजल की किल्लत दूर करें, आपूर्ति बढ़ाएं नगर आयुक्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी मंडल के प्रभारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्मार्ट सिटी के काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने ग्राम मंगोलेपुर में जन चौपाल लगाकर शासन की योजनाओं का मिल रहे लाभ के बाबत लाभार्थियों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं का गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
कमांड सेंटर के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर में पेयजल की किल्लत बताई जा रही है। इसके निवारण के लिए आपूर्ति बढ़ाएं। इसी प्रकार ट्रैफिक कंट्रोल के बारे में जानकारी ली। ट्रैफिक इंस्पेक्टर से शहर के ट्रैफिक जाम वाले स्थलों के बारे में पूछा।
वहां पर यातायात कर्मियों की संख्या बढ़ाने को कहा। किसी प्रकार के वाहन को पार्क न करने पर कड़ी निगाह रखने को कहा। उन्होंने लोगों को गाइड करने और समझा कर वाहन न खड़ा करने के लिए बताने को कहा। शहर में लगाए गए एडवांस सर्विलांस कैमरा के व्यूइंग सेंटर का भी भ्रमण किया। जहां नगर आयुक्त ने परियोजना का विवरण दिया गया।
उन्होंने सेंटर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने ऑपरेटर से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के बारे में पूछताछ की। सीएमओ से नए कोविड पेशेंट की जानकारी ली। उनकी ट्रेवल हिस्ट्री और इलाज के लिए उठाए गए कदमों के बारे में पूछा।
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ एवं गेहूं क्रय केंद्र के अलावा लालमन कोट स्थित गोवंश आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। गोवंश आश्रय स्थल पर उन्होंने पशुओं के लिए पेयजल एवं चारा की उपलब्धता देखी। इस दौरान उन्होंने गोवंश को माला एवं टीका लगाकर पूजन भी किया। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान, सचिव व सफाई कर्मी से बात की।
उपमुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण में मिलीं खामियां, लगाई जमकर फटकार
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ में शुक्रवार को औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कई खामियां पकड़ीं। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए लगा वाटर कूलर पीएचसी के पिछले हिस्से (खेत) में लगाया गया था। बिना बिजली कनेक्शन लिए ही वाटर कूलर संचालित किया जा रहा था। इसके साथ ही कोविड जांच केंद्र पीएचसी के मुख्य गेट पर ही बनाया गया था।
इन खामियों पर उप मुख्यमंत्री ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को जमकर फटकार लगाई। प्रसव कक्ष के पिछले हिस्से में निरीक्षण से ठीक पहले पेयजल की टोटी और ताजा ईंट बिछाने की शिकायत पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का मौके पर बुलाकर पूछा कि यहां पर पानी पीने कौन आएगा।