फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Read special news of Varanasi in one click chain stolen from woman neck former chief jumped

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की खबरें: वर्दी पहनकर बनाई रील्स, लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद मित्र की बहस पूरी

Mon, 12 Aug 2024 08:36 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 12 Aug 2024 08:36 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में सोमवार को सिगरा थानांतर्गत महमूरगंज में महिले के गले से चेन चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, राजपुर गांव में पूर्व प्रधान ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Read special news of Varanasi in one click chain stolen from woman neck former chief jumped
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ई-रिक्शा में महमूरगंज से इंग्लिशिया लाइन जाने के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यू कॉलोनी, ककरमत्ता की संगीता ने बताया कि वह मंडुवाडीह स्टेशन से इंग्लिशिया लाइन के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। उनके साथ चार महिलाएं और छह वर्ष की एक बच्ची भी बैठी थी।

विज्ञापन


महमूरगंज तक सोने की चेन उनके गले में थी। इंग्लिशिया लाइन पर वह ई-रिक्शा से उतरीं तो उनके गले में चेन नहीं थी। संगीता का आरोप है कि उनके साथ ई-रिक्शा में सवार रही महिलाओं ने ही वारदात की है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। 
विज्ञापन


सड़क किनारे मिली महिला, पहुंची पुलिस
बाबतपुर बाजार के पास निजी चिकित्सालय के सामने सड़क किनारे एक महिला के घायल पड़े होने की सूचना पर सोमवार को बड़ागांव थाने की पुलिस पहुंची। आनन-फानन महिला को उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि 112 नंबर पर सूचना देने वाले भोला सिंह ने बताया कि महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार टक्कर मारते हुए भाग गया है। महिला से पूछताछ में उसकी पहचान बलिया के बेलथरा रोड की सुनीता देवी के रूप में हुई है। 

परिजनों से पता चला है कि सुनीता देवी मानसिक रूप से कमजोर है। बिना बताए घर से निकल जाती है। दो पुत्रों की मां सुनीता देवी के पति की मृत्यु दो वर्ष पूर्व हो गई है। सीसी फुटेज से बाइक सवार को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ट्रेन के सामने कूद कर पूर्व प्रधान ने जान दे दी
राजपुर गांव के रेलवे ट्रैक पर सोमवार की सुबह ट्रेन के सामने कूद कर राजपुर (बीमौरी) गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान महगू पटेल (70) ने जान दे दी। सूचना पाकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव की अंत्येष्टि कर दी। ग्रामीणों की चर्चा के अनुसार घटना की वजह गृह कलह है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व प्रधान के चार बेटे और एक बेटी हैं। सभी का विवाह हो गया है। वहीं, घटना के संबंध में मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने अनभिज्ञता जताई।

राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को जिला जज ने किया रवाना
आगामी 14 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जागरूकता के लिए जिला जज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव पांडेय ने सोमवार को सिविल कोर्ट से हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया। 

प्राधिकरण के सचिव और अपर जनपद न्यायाधीश विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि वाहन जिले के इलाकों में 12-13 अगस्त को प्रचार-प्रसार के लिए जाएगा। इसमें स्वयंसेवक की ड्यूटी लगाई गई है। आमजन को इसके बारे में बताया जाएगा। साथ ही हैंड बिल और पंफलेट दिया जाएगा। 

एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी अश्वनी कुमार दूबे, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश एके श्रीवास्तव, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष संतराम, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम रवींद्र कुमार श्रीवास्तव, लोक अदालत के नोडल अधिकारी व अपर जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार मौजूद रहे। 

गौरी शंकर प्राथमिक विद्यालय ने 42-32 से जीती कबड्डी प्रतियोगिता
बच्छांव जोन के बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता सोमवार दोपहर बंदेपुर स्थित गौरी शंकर प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसमें 15 स्कूलों के 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन खेले गए मुकाबले में गौरी शंकर प्राथमिक विद्यालय की टीम ने मालवीय इंटर कॉलेज शहंशाहपुर को 42-32 से हराया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन अंडर-14 बालक वर्ग के मैच से हुआ। इससे पूर्व कबड्डी मैच का उद्घाटन राज्य पुरस्कार से सम्मानित महामना मालवीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य व बच्छांव जोन के प्रभारी डॉ. चंद्रमणि सिंह ने किया। प्रतियोगिता में सब जूनियर अंडर-14, जूनियर वर्ग अंडर-17 और सीनियर वर्ग में अंडर-19 की टीम खेलेगी। 

इस मौके पर मुख्य अतिथि जनपद क्रीड़ा सचिव विनोद कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक डॉ. जगजीत सिंह, डॉ. देवेश मिश्र, डॉ. जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र गौतम, ममता दुबे, एसपी सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन प्रधानाचार्य बच्चे लाल पटेल ने किया गया।

बीएचयू के सहायक कुलसचिव को हिंदी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सहायक कुलसचिव (सामान्य प्रशासन) को दिया गया है। कुलपति प्रो. सुधीर जैन ने अगले आदेश तक उन्हें जिम्मेदारी दी है। हिंदी अधिकारी डॉ. विचित्रसेन गुप्ता को प्रतिनियुक्ति पर गृह मंत्रालय के अधीन राजभाषा विभाग के कोलकाता के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय में उपनिदेशक (कार्यान्वयन) के रूप में कार्य करने की स्वीकृति मिलने के बाद पद खाली हो गया था। इस पर बीएचयू ने नई व्यवस्था की है।

छात्र-छात्राओं को दी बीएचयू की योजनाओं की जानकारी
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में 8 अगस्त से 14 अगस्त तक आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में सोमवार को बतौर मुख्य वक्ता छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अनुपम कुमार नेमा ने शिरकत की। 

उन्होंने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की विभिन्न योजनाओं और छात्रवृत्ति की सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। संकाय प्रमुख प्रो. अंजलि वाजपेयी ने स्वागत किया। संचालन डाॅ. आरती मिश्रा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. योगेंद्र पांडेय ने किया। 

71 लोगों की हुई थायराॅयड की जांच
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारनाथ में 71 लोगों की थायरॉयड जांच की गई। इसके कारण, बचाव के उपाय भी बताए गए। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

सीएमओ ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य थायराॅयड के प्रति लोगों को जागरूक कर सुलभ सेवाएं प्रदान कराना है। थायराॅयड अक्सर सूक्ष्म लक्षणों के साथ सामने आता है, जिस पर लोग ध्यान नहीं देते हैं। इसकी जटिलताओं को रोकने एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए प्रारंभिक पहचान महत्वपूर्ण है। 

चौकी प्रभारी की वर्दी पहन रील्स बनाकर किया वायरल, शुरू हुई तलाश
बड़ागांव के हसनपुर गांव निवासी आफताब साधौगंज चौकी इंचार्ज की नेम प्लेट लगी वर्दी पहन कर रील्स बनाया। इसके बाद उसे सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। बड़ागांव थाने की पुलिस आफताब की तलाश कर रही है।

बड़ागांव थाना क्षेत्र के साधौगंज चौकी इंचार्ज देवेंद्र दूबे ने बताया कि वह कुछ दिनों पूर्व हसनपुर गांव में एक मामले की जांच में गए थे। वहां बैठने के दौरान उनके शर्ट की बटन टूट गई थी। स्थानीय लोगों के कहने पर उन्होंने अपनी वर्दी पास में ही मौजूद आफताब के परिजनों को ठीक करने के लिए दे दी और बातचीत करने लगे। 

कुछ देर बाद उनकी वर्दी की बटन ठीक होकर आ गई और वह उसे पहन कर अपनी चौकी पर आ गए। आशंका है कि बटन लगाने के ही दौरान आफताब ने नेम प्लेट लगी वर्दी पहन कर अपनी रील्स बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उसकी रील्स ग्रामीणों के पास आई तो उन्होंने सूचना दी। आफताब की तलाश की जा रही है और उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

युवक ने फंदा लगाकर जान दी
चोलापुर के भैठौली गांव निवासी एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताई गई है। सूचना पाकर चोलापुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

भैठोली गांव निवासी रामचंद्र राम (45) सोमवार को अपने घर में कुंडी के सहारे फंदा लगाया था। परिजनों के अनुसार रामचंद्र तीन भाइयों में बड़ा था और उसके दो बेटे व एक बेटी है। रामचंद्र के आत्मघाती कदम के बाद उसकी पत्नी किरन देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
सेवापुरी के कपसेठी-सेवापुरी स्टेशन के बीच नेवादा रेलवे क्रॉसिंग के पहले सोमवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, युवक काले रंग की पैंट और काले रंग की शर्ट पहने हुए था। उसका सिर धड़ से अलग हो गया था। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। 

विवाहिता के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
पिंडरा के बरजी गांव की एक महिला ने मनबढ़ों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाते हुए फूलपुर थाने की पुलिस से शिकायत की। अलका प्रजापति ने पुलिस को बताया कि गांव के ही तीन युवक उसके घर में रविवार शाम घुस आए। तीनों ने उसके और उसकी ननद के साथ बदतमीजी की। विरोध करने पर मारपीट की। पुलिस ने युवकों के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मामला जमीन संबंधित विवाद का है। 

पैसे निकालने का विरोध करने पर छात्र पर रॉड से हमला
सेवापुरी के बरनी (हसना) गांव के धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने जंसा थाने की पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनका पुत्र रौनक पांडेय हाथी बरनी इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र है। कॉलेज से घर वापस आते समय हनुमान मंदिर के पास अमरीपुर के सनी पाल और खरगूपुर के विशाल कुमार उनके पुत्र की जेब से पेन और रुपये निकालने का प्रयास करने लगे। 

विरोध करने पर शनि पाल ने जान से मारने की नीयत से रॉड से हमला कर दिया। खून बहता देख बेहोशी की हालत में रौनक को छोड़कर दोनों मौके से भाग निकले। जंसा थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। 

फाइनेंस कंपनी के एजेंट से लूट का चौथा आरोपी गिरफ्तार
शिवपुर के कानूडीह गांव के पास 23 जुलाई को एक फाइनेंस कंपनी के एजेंट योगेश कुमार यादव को गोली मारकर एक लाख एक हजार पांच सौ रुपये लूटने के मामले में चौथे आरोपी को शिवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

आरोपी की पहचान 25 हजार के इनामी बदमाश बिहार के सिवान जिले के दरौंदा थाना के रुकुंदीपुर गांव के आदर्श गिरी के रूप में हुई है। उसके पास से 5120 रुपये मिले हैं। एसीपी कैंट विदुष सक्सेना ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। 

1.42 लाख रुपये जालसाज ने खाते से निकाले
शिवपुर के दांदूपुर, क्राइस्ट नगर निवासी विकास यादव के खाते से एक लाख 42 हजार रुपये साइबर जालसाजों ने निकाल लिए। शिवपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि उनका खाता मुर्दहा बाजार के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में है। 

बीते दिनों खाते से एक लाख 42 हजार रुपये कट गए थे। जानकारी तब हुई जब वह बाजार में सामान लेने गए और पेमेंट के लिए फोन-पे का इस्तेमाल किया। पता चला कि खाते में मात्र 11 रुपये हैं। पता चला कि उनका पैसा आईएमपीएस के जरिये केनरा बैंक के खाताधारक एसके अकरम के खाते में चला गया है।

पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बनारस स्टेशन व आसपास क्षेत्रों में सोमवार को चेकिंग अभियान चलाया। एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी और एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने बनारस रेलवे स्टेशन पर जांच की।

इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, सामान और अन्य गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की गई। अभियान में मंडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौजूद रही। 

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तोड़फोड़ और हंगामे के छह आरोपियों को जमानत
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कर्मियों से मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामा करने के मामले में छह आरोपी छात्रों को कोर्ट से राहत मिल गई। 

विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) अनुभव द्विवेदी की अदालत ने तरवां, आजमगढ़ निवासी अनिल यादव, फेफना, बलिया के शशांक यादव, चंदवक, जौनपुर के अमित मौर्या, धानापुर, चंदौली के रंजीत यादव, धीना, चंदौली के अजीत यादव और बाकराबाद, जौनपुर के हिमांशु यादव को 50-50 हजार रुपये की दो जमानत और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, सुरक्षा पर्यवेक्षक शिवशंकर सिंह यादव ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 27 अप्रैल 2023 को वह ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह के आर्थो अनुभाग में रूटीन चेकिंग में थे। कक्ष संख्या 6 और 7 में मरीजों को तीन लोग अन्य जगह से एक्सरे व एमआरआई कराने और दवाई के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे। उनसे पूछताछ की गई तो वे लोग उग्र हो गए और कहा कि हम लोग बीएचयू के छात्र हैं। 

इस पर उन तीनों को पकड़ कर नगवां पुलिस चौकी को सौंप दिया गया। इसके बाद तीनों व्यक्तियों और अन्य द्वारा उकसाने पर 10 से 15 और शरारती और अवांछनीय तत्व शोर-शराबा, गालीगलौज और नारेबाजी करते हुए ट्रॉमा सेंटर के अंदर आ गए। उनमें से कुछ के अजीत यादव, शशांक यादव, अनिल यादव, हिमांशु और रंजीत यादव रहे। 

वादिनी की शिकायत पर अग्रिम जमानत निरस्त
अग्रिम जमानत का दुरुपयोग और वादिनी को धमकाने के आरोप में दी गई अग्रिम जमानत निरस्त कर दी गई। भेलूपुर की रहने वाली डॉ. वंदना चौबे के अधिवक्ता ने अदालत में अग्रिम जमानत निरस्तीकरण का आवेदन दिया। 

कोर्ट ने कहा कि आरोपी कमलकांत तिवारी वादिनी, गवाहों और परिचितों पर सुलह का दबाव बना रहा है। ई-मेल कर अपमानजनक शब्दों के प्रयोग के साथ गालीगलौज कर रहा है। विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा है। ऐसे में दी गई अग्रिम जमानत निरस्त की जाती है। 

डॉ. वंदना चौबे ने मानहानि के आरोप और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी को बीते 22 अप्रैल को अग्रिम जमानत दी गई थी। अग्रिम जमानत को विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) अनिल कुमार ने निरस्त कर दिया। 

पुलिस पर जानलेवा हमले का आरोपी बरी
अपर सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने चारपहिया वाहन से छह पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमले और अलग-अलग नंबर प्लेट लगाने के आरोप को सही नहीं पाया। नतीजतन, रमेश पटेल ऊर्फ बबलू को बरी कर दिया गया। आरोपी को रोहनिया थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरियाणा से तस्करी कर ले आई जा रही अवैध शराब के साथ छह दिसंबर 2018 की शाम घमहापुर के पास से गिरफ्तार किया था। 

सीटेट में परीक्षार्थी की जगह बैठी महिला की जमानत अर्जी खारिज
भगवानपुर के एक स्कूल में परीक्षार्थी के स्थान पर 50 हजार रुपये लेकर सीटेट देने की आरोपी पूर्वी चंपारण की अर्चना पांडेय की जमानत अर्जी अदालत ने खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरोपी रीमा यादव के स्थान पर परीक्षा देने सात जुलाई को पहुंची थी। 

बायोमेट्रिक जांच के बाद मामला पकड़ में आया तब उसने रीमा से अच्छे संबंध होने की बात स्वीकारी थी। अदालत ने कहा कि अपराध आजीवन कारावास से दंडनीय है। अपराध समाज व शिक्षा व्यवस्था के लिए अत्यंत घातक है। परीक्षार्थियों में विद्वेष पैदा करने वाला है। ऐसे में जमानत अर्जी खारिज की जाती है। 

रिश्वत लेते पकड़े गए बिजली कर्मी की जमानत अर्जी खारिज
10 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में विद्युत विभाग के बाबू बृजेश की जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सपना शुक्ला की अदालत ने खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरोपी ने लोकसेवक रहते हुए लोकनीति और नैतिकता के खिलाफ काम किया है। ऐसे में जमानत अर्जी खारिज की जाती है। आरोपी बीते दिनों एक कारखाने का कनेक्शन देने के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया था। 

500 डायजेपाम पाउडर रखने के दोषी को पांच साल की सजा
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) डॉ. दीनानाथ की अदालत ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले के अभियुक्त को दंडित किया है। अदालत ने नईबस्ती, पांडेयपुर निवासी आरोपी श्याम सुंदर चौहान उर्फ कल्लू को पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। 

अर्थदंड अदा न करने पर अभियुक्त को छह माह की और सजा भुगतनी होगी। प्रकरण के मुताबिक, 29 नवंबर 2014 को बैंक ऑफ बड़ौदा, पांडेयपुर से आरोपी श्याम सुंदर चौहान उर्फ कल्लू को पुलिस बल ने पकड़ा था। तलाशी में जेब से 500 ग्राम डायजेपाम पाउडर बरामद हुआ था। पाउडर रखने के संबंध में अभियुक्त के पास से किसी किस्म का अधिकार पत्र बरामद नहीं हुआ था। 

Read special news of Varanasi in one click chain stolen from woman neck former chief jumped
Varanasi court - फोटो : अमर उजाला

लॉर्ड विश्वेरनाथ के वाद मित्र की बहस पूरी, अब मसाजिद कमेटी पेश करेगी दलील
सिविल जज सीनियर डिवीजन प्रशांत कुमार (फास्ट ट्रैक कोर्ट) की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी से संबंधित वर्ष 1991 के प्राचीन मूर्ति स्वयंभू ज्योतिर्लिंग लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के वाद की सुनवाई हुई।

इस मामले में संपूर्ण ज्ञानवापी परिसर का एएसआई से सर्वे कराने की अर्जी पर लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस पूरी कर ली। प्रकरण में अगली सुनवाई के लिए 21 अगस्त की तिथि नियत की गई है।

अगली तिथि पर विपक्षी अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से बहस की जाएगी।वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने सोमवार को दलील दी कि स्वयंभू लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ का शिवलिंग ज्ञानवापी के मुख्य गुंबद के नीचे जमीन में है। उसे मलबे से पाट दिया गया है। 

यही नहीं उसके पास एक कूप भी है। उस कूप से अपने आप ही गंगा का पानी फव्वारा के जरिये निकलता था और स्वंभू ज्योतिर्लिंग पर पड़ता था। उसको भी पाट दिया गया है। मगर उस कूप के पानी का रिसाव आज भी जमीन के अंदर होता है। ज्ञानवापी की मौजूदा इमारत के सेंट्रल गुंबद की जमीन के नीचे का सर्वे एएसआई ने नहीं किया है। एएसआई वैज्ञानिक पद्धति से सर्वे करेगी तो ज्ञानवापी की सच्चाई सामने आएगी।

नोटिस के बाद 1226 वाहनों का पंजीयन निलंबित
स्कूली समेत यात्री वाहनों का फिटनेस जांच का नोटिस बार-बार भेजे जाने के बाद 1226 वाहनों का पंजीयन छह माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। इसमें 714 स्कूल वाहन और 512 यात्री वाहन शामिल हैं। आठ जुलाई से 15 अगस्त तक चले अभियान के दौरान 25 वाहनों को निरुद्ध करते हुए 264 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। इन वाहनों से 2.55 लाख शमन शुल्क वसूला गया। 

इसी क्रम में 2145 यात्री वाहनों की जांच में 64 वाहनों को निरुद्ध किया गया। 374 वाहनों का चालान और 7.17 लाख शमन शुल्क वसूला गया। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर तीन बार स्कूल प्रबंधकों, परिवहन अधिकारियों के साथ बैठक के बाद भी वाहनों ने फिटनेस जांच नहीं कराई। संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश चतुर्वेदी के अनुसार पंजीयन निलंबित वाहनों का संचालन किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा। 

बिना नंबर और तीन सवारी वालीं 485 गाड़ियां सीज
कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को बैंकों और वित्तीय संस्थानों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया। वित्तीय प्रतिष्ठानों व बैंक अधिकारियों से संवाद कर सुरक्षा उपाय के लिए निर्देशित किया। इस बीच बिना नंबर और तीन सवारी वाली 485 गाड़ियों को सीज किया। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना।

Read special news of Varanasi in one click chain stolen from woman neck former chief jumped
किन्नर महामंडलेश्वर हेमांगी सखी। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्वत परिषद के वायरल लेटर पैड पर विवाद
काशी विद्वत परिषद के वायरल पत्र ने विद्वत और संत समाज में हंगामा खड़ा कर दिया है। पत्र में चरित्रहीन का मतलब परमात्मा का अवतार बताया गया है। इससे आक्रोशित किन्नर महामंडलेश्वर हेमांगी सखी ने एफआईआर दर्ज कराने को कहा और मंगलवार को बनारस पहुंच रही हैं। वहीं काशी विद्वत परिषद ने इस पत्र को फर्जी बताया है।

किन्नर महामंडलेश्वर हेमांगी सखी ने बताया कि मथुरा से यह पत्र वायरल किया गया है। इसमें चरित्रहीन को परमात्मा का अवतार बताया गया जो कि बेहद निंदनीय है। काशी विद्वत परिषद के कोषाध्यक्ष प्रो. दिनेश कुमार गर्ग के नाम से यह पत्र जारी किया गया है। 

काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने कहा कि इस पत्र का काशी विद्वत परिषद से कोई लेना देना नहीं है। यह पूरी तरह से फर्जी है। वहीं हेमांगी सखी ने कहा कि वह मंगलवार को बनारस पहुंचकर इस मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगी और इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगी।

बाबा लाटभैरव का भव्य हरियाली शृंगार
सावन के चौथे सोमवार को कज्जाकपुरा स्थित बाबा श्री कपाल भैरव प्रसिद्ध लाटभैरव का भव्य हरियाली शृंगार किया गया। श्री लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से बाबा का रत्नाभूषण, रजत मुंडमाला, बारे की माला, पुष्पहार सहित आठ प्रकार के मालाओं से विधिवत शृंगार किया गया। पूरे विग्रह को दूर्वा घास से सजाया गया। बाबा के मस्तक पर मोरपंख शोभायमान था।

सोमवार को मां भारती के आंगन में चहुंओर हरियाली की कामना संग विशेष अनुष्ठान किया गया। मंदिर के गर्भगृह में प्रथम पूज्यदेव गणेश, अष्ट भैरव के साथ ही मां काली, हनुमान जी का भी शृंगार किया गया। बाबा श्री को भोग अर्पित किया गया और भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया। 

पाक्षिक अष्टमी पूजन के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आचार्य रविंद्र त्रिपाठी ने हवन पूजन कराया। देर रात डमरु निनाद के साथ हजारे दीपक से आरती उतारी गई। इस मौके पर आयोजन समिति के प्रधानमंत्री छोटेलाल जायसवाल, मंत्री मुन्ना लाल यादव, बसंत सिंह राठौर, छोट्टन केशरी, नंदलाल प्रजापति, विक्रम सिंह राठौर, निक्की जायसवाल, संजय पांडेय आदि रहे।

युवा दिवस पर बीएचयू छात्रों ने किया रक्तदान
बीएचयू कला संकाय के छात्र कल्याण पहल और कल्कि फाउंडेशन की पहल पर अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में छात्रों ने बढ़चढ़कर कर भागीदारी की। बीएचयू ब्लड बैंक की टीम से आशुतोष सिंह ने छात्रों को रक्तदान की महत्ता बताई। छात्र कल्याण पहल के संयोजक डॉ. प्रवीण सिंह राणा ने स्वयंसेवकों को नि:स्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा के लिए संकल्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

बीएचयू की स्टूडेंट वेल बिंग कमेटी का गठन
बीएचयू के महिला महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए कुलपति प्रो. सुधीर जैन ने स्टूडेंट वेल बिंग कमेटी का गठन किया है। दर्शन शास्त्र सेक्शन से डॉ. सरिता रानी को कमेटी का को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है। जबकि मनोविज्ञान सेक्शन से डॉ. शिल्पा कुमारी, भूगोल से डॉ. अर्चना साहा, बंगाली से डॉ. उत्तम गिरी और सांख्यिकी सेक्शन से डॉ. सुपर्णा वसु को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed