Rangbhari Ekadashi 2023: बाबा विश्वनाथ को चढ़ेगा मथुरा जेल में तैयार गुलाल, वाराणसी में होगी होली की शुरुआत
रंगभरी एकादशी तीन मार्च को है। बाबा विश्वनाथ और माता गौरा की पालकी यात्रा को और खास बनाने के लिए मथुरा जेल में बंद छह कैदियों से खास गुलाल तैयार कराया जा रहा है। इस अनूठे रंगोत्सव के साथ ही प्राचीन नगरी में होली की शुरुआत हो जाएगी।
विस्तार
यूपी के मथुरा जेल में तैयार हर्बल गुलाल इस बार बाबा विश्वनाथ को को अर्पित किया जाएगा। तीन मार्च को रंगभरी एकादशी पर निकलने वाली माता गौरा की पालकी यात्रा में भी यही गुलाल उड़ाया जाएगा। काशी में होली की शुरूआत होगी। इससे श्री काशी विश्वनाथ के गौने का उत्सव खास हो जाएगा।
मंदिर के पूर्व महंत डॉ कुलपति तिवारी ने रंगभरी एकादशी पर नई पहल की है। पालकी यात्रा को और खास बनाने के लिए मथुरा जेल में बंद छह कैदियों से खास गुलाल तैयार कराया जा रहा है। यह गुलाल अरारोट में सब्जियों को मिलाकर बनाया जा रहा है। अरारोट में पालक, मेथी और चुकंदर पीसकर डाला जा रहा। इससे अलग-अलग रंग के गुलाल तैयार हो रहे हैं।
पालकी यात्रा में हर साल उड़ते हैं हजारों कुंतल गुलाल
लाल रंग व हल्दी पाउडर की मदद से पीला गुलाल तैयार किया जा रहा है। खुशबू के लिए इत्र भी मिलाया जा रहा है। पूर्व महंत ने बताया कि बाबा और माता गौरा के गौने पर निकलने वाली पालकी पर हर साल हजारों कुंतल गुलाल उड़ाए जाते हैं। मथुरा जेल में बन रहे गुलाल को लाने की जिम्मेदारी संजीव रत्न मिश्र सहित दो सदस्यों को दी गई है।
पढ़ें: बाबा विश्वनाथ की पगड़ी बना रहे गयासुद्दीन, इस बार अनूठे रंगोत्सव की साक्षी बनेगी काशी
ईकाे फ्रेंडली होगा गुलाल
दोनों मथुरा के जेल अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह से मिलकर रंगभरी एकादशी के से पहले गुलाल लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। गुलाल ईको फ्रेंडली है। त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। इसकी मदद से कैदियों को स्वावलंबी बनाया जा रहा है। दरअसल, मथुरा जिला कारागार में कौशल विकास मिशन के तहत कैदियों को प्रशिक्षण दिलाकर गुलाल तैयार कराया जा रहा है।
बनारस की फेटा पगड़ी पहनेंगे वृंदावन के बांके बिहारी
वृंदावन बांके बिहारी जी काशी में तैयार फेटा पगड़ी पहनकर फागुनोत्सव में भक्तों को दर्शन देंगे। काशी से पहली बार बांकेबिहारी को फागुन उत्सव पर पगड़ी भेजी गई है। श्री काशी विश्वनाथ की पगड़ी सजाने वाले परिवार ने इसे तैयार किया और रविवार को इसे लेकर मथुरा रवाना हो गए।
वृंदावन की होली में इस बार काशी का रंग कान्हा के भक्तों के सिर चढ़कर बोलेगा। काशी में तैयार फेटा पगड़ी पहनकर बांकेबिहारी भक्तों के संग होली खेलेंगे। बाबा विश्वनाथ की पगड़ी सजाने वाले परिवार के मोहित दास महाराज ने कान्हा की भी पगड़ी को तैयार की हककै।
मोहित दास ने बताया कि इसे रेशम और मखमल से तैयार किया गया है। जरी और स्टोन का काम भी हुआ है। पगड़ी में कलगी लगी है। इसमें नगीने की लटकन भी लगाई गई है, जो पगड़ी की खूबसूरती बढ़ा रही है। बाबा विश्वनाथ की पगड़ी सजाने वाले नंदलाल अरोरा ने बताया कि सोमवार को पगड़ी बांके बिहारी मंदिर में अर्पित की जाएगी।