यूपी: कोरोना के टीकाकरण की अंतिम चरण में तैयारियां, नए साल में सरकार ले सकती है अहम फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में कोरोना टीकाकरण से जुड़ी सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अगले महीने जनवरी के दूसरे सप्ताह तक किसी भी समय टीका लगाए जाने की तिथि की घोषणा शासन स्तर से की जा सकती है। शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने जिलेवार टीकाकरण संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण, कोल्ड चेन सेंटर निर्माण सहित अन्य कार्यों को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया है।
जिले में कोरोना का टीका रखे जाने के लिए सीएचसी चौकाघाट परिसर में कोल्ड चेन सेंटर बनाया जा रहा है। साथ ही सरकारी और निजी कुल 12,600 स्वास्थ्य कर्मियों की सूची तैयार कराई गई है, जिन्हें सबसे पहले टीका लगाया जाएगा। हालांकि टीका लगना कब से शुरू होगा, इसकी कोई तिथि तो अभी नहीं आई है, लेकिन ज्यादा संभावना है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह तक कोई प्रस्तावित तिथि जारी हो सकती है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग में स्वास्थ्य मंत्री के साथ ही अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने भी एक-एक कर टीकाकरण संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। जिसमें उन्हें पहले टीका लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की सूची तैयार होने, टीका लगाने वालों को प्रशिक्षण दिए जाने, कोल्ड चेन सेंटर निर्माण, दूसरे चरण में 50 साल या उससे अधिक आयु वालों की सूची तैयार करने आदि के बारे में बताया गया। बताया कि जनवरी के दूसरे सप्ताह तक टीकाकरण संबंधी अहम घोषणा होने की संभावना है।
कोरोना से दो की मौत, 55 में संक्रमण की पुष्टि
कोरोना से होने वाली मौत का ग्राफ एक बार फिर बढ़ने लगा है। शनिवार को बीएचयू में भर्ती दो मरीज की मौत हुई जबकि अलग-अलग जगहों से 55 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बीएचयू अस्पताल, मंडलीय-महिला अस्पताल सहित अन्य जगहों से 2977 लोगों की जांच की गई जबकि 2306 रिपोर्ट मिली है। बीएचयू में भर्ती हैदराबाद कालोनी निवासी 46 वर्षीय महिला, मदनपुरा निवासी 63 वर्षीय पुरुष की मौत हो गई।
इसके अलावा नवापुरा, बदलापुरा, अशोकपुरम कालोनी मीरापुर बसही, तुलसी विद्या निकेतन लंका, रामपुर, सुंदरपुर, बृज इन्क्लेव, नरायनपुर, साकेत नगर, जलालपुर, परशुरामपुर सारनाथ में मरीज मिले हैं। शनिवार को 46 लोग होम आइसोलेशन में स्वस्थ हुए जबकि अस्पताल से कोई डिस्चार्ज नहीं किया गया। अब कुल 20950 में 20168 डिस्चार्ज, 351 मौत के बाद अब 431 एक्टिव केस हैं। उधर तीन पुरुष और एक चार साल की बच्ची समेत तीन महिलाओं के बारे में कोई रिकार्ड नहीं मिला है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग परेशान हैं।