Varanasi News: भाग्य लक्ष्मी एप से जुआ संचालन का आरोपी संचालक समेत 10 गिरफ्तार; पढ़ें- क्राइम की खबरें
Varanasi Latest News: वाराणसी जिले में रविवार को पुलिस की एसओजी-2 टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। नीचे रेस्टोरेंट और पहली मंजिल पर संचालित हुक्का बार से नौ लोगों को पकड़ा है। इसके साथ ही क्राइम की अन्य खबरें पढ़ें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गुरुधाम चौराहे पर रविवार की शाम चार बजे एसओजी-2 और भेलूपुर पुलिस ने ऑनलाइन जुआ संचालित करने के आरोपी संचालक समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 8200 रुपये और कुल 9 मोबाइल फोन बरामद हुए, इसमें दो मोबाइल में भाग्य लक्ष्मी एप मिला है। गुरुधाम चौराहे के समीप ई-रिक्शा में बैठ कर सभी ऑनलाइन जुआ खेल रहे थे।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आनलाइन जुआ का संचालक खोजवा किरहिया निवासी अंतर्यामी सिंह, रविंद्रपुरी का शुभम साहनी, अस्सी भदैनी का हरिनाथ गौड़, लंका छित्तूपुर निवासी राजू भारद्वाज, चितईपुर आदित्यनगर का ओमप्रकाश पटेल, दुर्गाकुंड हनुमानपुरा निवासी राजेश साहनी, डाफी के बजरंग नगर काॅलोनी निवासी श्रवण कुमार मिश्रा, रोहनिया अखरी बाईपास निवासी विजय कुमार, बजरडीहा जीवधीपुर विकास कुमार और गुरुधाम रविंद्रपुरी निवासी मोनू सिंह है।
एसीपी भेलूपुर कार्यालय से 200 मीटर की दूरी पर चल रहा था ऑनलाइन जुआ
एसओजी-2 को सूचना मिली कि गुरुधाम चौराहा लेबर मंडी के पास ई-रिक्शा पर बैठाकर लॉटरी का संचालन कराया जाता है। भाग्य लक्ष्मी एप के जरिये मजदूरों और श्रमिकों को फंसाया जाता है। खोजवा का रहने वाला युवक ही लॉटरी का संचालन करा रहा है। एसीपी भेलूपुर कार्यालय से 200 मीटर की दूरी पर स्थित गुरुधाम चौराहे पर आनलाइन जुआ संचालित हो रहा था।
भाग्य लक्ष्मी एप से जुआ संचालन करने वालों की पुलिस ने तोड़ी कमर
पिछले साल भर से आनलाइन जुआ संचालन करने वालों की कमिश्नरेट पुलिस ने कमर तोड़ दी है। जैतपुरा, कोतवाली, चेतगंज, कैंट, सिगरा, चौक और भेलूपुर, चितईपुर पुलिस ने 35 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की है। तीन दिन पूर्व ही कैंट पुलिस और एसओजी-2 ने संयुक्त रूप से पांडेयपुर चौराहा पर छापा मारकर मैनेजर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं, दो दिन पूर्व चितईपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस तरह खुलती है लाटरी
भाग्य लक्ष्मी वेबसाइट से जुआ के संचालन को लाटरी भी कहते हैं। एप के माध्यम से जुआ में 1 से 9 तक का कोई भी नंबर चुनकर बताते हैं। यदि नंबर वेबसाइट के माध्यम से खुल गया तो जीत होती है। यदि नहीं खुला तो पैसे डूब जाता है। वेबसाइट का व्हाट्सएप पर लिंक भी उपलब्ध कराया जाता है। शहर से लेकर ग्रामीण तक भाग्य लक्ष्मी एप के माध्यम से लॉटरी का संचालन किया जा रहा है।
लोहता में चल रही लाटरी, जाल में फंसे बुनकर
लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा समेत कुछ मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में अभी भी भाग्य लक्ष्मी एप से लाटरी का संचालन हो रहा है। बुनकरों और छोटे व्यापारियों को संचालकों ने अपने जाल में फंसा लिया है। फिलहाल पुलिस यहां पहुंच नहीं पा रही है। क्षेत्र के कुछ लोगों ने बताया कि एसओजी-2 जल्द ही इधर भी छापा मारेगी।
नीचे रेस्टोरेंट और ऊपर चल रहा था हुक्का बार, नौ पकड़े गए
वाराणसी जिले के सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा पचपेड़वा में रविवार की देर शाम 7 बजे एसओजी-2 ने हुक्का बार पर छापा मारा। मौके से एक महिला और छह युवक और दो किशोर पकड़े गए। नीचे रेस्टोरेंट और पहली मंजिल पर संचालित हुक्का बार से छह हुक्का, सात मैजिक क्वाइल, छह बॉक्स तंबाकू फ्लेवर, सिगरेट के 31 डिब्बे समेत बैंक का क्यूआर कोड बरामद हुए। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी साक्ष्य के तौर पर पुलिस ने कब्जे में लिया है। संचालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि एसओजी-2 को सूचना मिली कि छित्तूपुरा में रेस्टोरेंट के ऊपर हुक्का बार संचालित हो रहा है। कम उम्र के लड़के और लड़कियां हुक्का बार में आवाजाही करती हैं। एसीपी चेतगंज ईशान सोनी के नेतृत्व में एसओजी-2 की टीम ने शाम लगभग 7 बजे हुक्का बार में छापा मारा।
अंदर हुक्का बार का सेवन करते हुए 8 लोग पकड़े गए। वहीं, एक महिला भी पकड़ी गई। पूछताछ के बाद महिला को दोबारा थाने पर बुलाए जाने की बात कहते हुए छोड़ा गया। वहीं, सात युवकों से पुलिस की पूछताछ चल रही है। एसीपी चेतगंज ईशान सोनी ने बताया कि हुक्का बार संचालक शिवपुरवा निवासी शुभम सेठ है।
महिला की भी भूमिका संदिग्ध है। बरामद क्यूआर कोड और सीसी कैमरे के जरिये यह मालूम किया जा रहा है कि कितने लोगों की रोजाना यहां आवाजाही होती थी। कितने दिनों से यह संचालित हो रहा था। इसकी पूरी छानबीन अभी जारी है।
आसपास के लोगों ने कार्रवाई के दौरान एसओजी-2 को बताया कि यहां कई दिनों से यह संचालित था। स्कूल में पढ़ने वाले कम उम्र के लड़के और लड़कियां अक्सर यहां आती थीं। कोचिंग और स्कूल से छूटने के बाद हुक्का बार पहुंचने वालों की गाड़ियां रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी रहती थी। पहले लोगों को लगा कि रेस्टोरेंट में आवाजाही होती होगी लेकिन बाद में मालूम चला कि हुक्का बार भी संचालित हो रहा है।
300 मीटर एबीसी केबल काट ले गए चोर, 25 घरों की बत्ती गुल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के तुलसीपट्टी में शुक्रवार रात 300 मीटर एबीसी केबल चोर काट ले गए। 4 नग एलटी पोल केबल खींचने में क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान 25 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रक्षाबंधन के दिन लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसडीओ अभिजीत ने बड़ागांव थाने में शनिवार को केस दर्ज कराया। एसडीओ ने पुलिस को बताया कि भगवानपुर में 250 केवीए परिवर्तक के एक पोल एलटी लाइन के बाद से विनोद सिंह के पंप सेट के बीच स्थापित 300 मीटर लंबी एबीसी केबल की चोरी हो गई। पहले भी स्थल पर 100 मीटर केबल की चोरी आठ जून को हुई थी। इसकी तहरीर दी गई थी। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण लोग आक्रोशित हो उठे। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
भाई को राखी बांधकर घर लौट रही महिला के साथ ऑटो में टप्पेबाजी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के लमही में शनिवार को ऑटो सवार महिला के साथ टप्पेबाजी में सोने की चेन चोरी हो गई। सलारपुर निवासी पीड़िता ऊषा देवी ने पुलिस को बताया कि ऑटो चालक और चार महिलाओं ने वारदात की है। पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। वह भाई को राखी बांधकर घर लौट रही थी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर निवासी ऊषा ने बताया कि वह केराकत से अपने भाई को राखी बांधकर रिंग रोड लालपुर पहुंची। रिंग रोड से पांडेयपुर के लिए दूसरी ऑटो में बैठी। ऑटो में चार महिलाएं पहले से सवार थीं। रास्ते में गले से सोने की चेन किसी ने खींच ली। लमही पहुंची तो ऑटो चालक ने दूसरी ऑटो में बैठा दिया। आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ ऑटो चालक भी शामिल था। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
मार्कंडेय महादेव दर्शन के बाद रास्ते में पीटा, केस दर्ज
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, तीन पर केस दर्ज
शादी का झांसा देकर पीड़िता से दुष्कर्म के मामले में तीन के खिलाफ सारनाथ थाने में शनिवार को केस दर्ज किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चौबेपुर क्षेत्र में एक मकान में काम करती थी। उसी घर में सूरज भी रहता है। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि शादी के पहले सूरज शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता था। 17 फरवरी 25 को दो अन्य ने मिलकर शादी करवा दी। किसी स्टांप पेपर पर दस्तखत भी करवाए। साथ ही कहा कि शादी का कागज है, लेकिन कोई भी दस्तावेज नहीं दिया गया। उस समय नाबालिग थी कुछ समझ नहीं आया। लगा कि शादी हो गई है। आरोप है कि घर की महिला नशे की दवा खिलाकर उसे पति से अलग सुला देती थी। साथ ही किसी और के साथ गलत काम का दबाव बनाती थी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। सूरज उसे घर भगा चुका है और अब शादी से इन्कार कर रहा है। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सूरज समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मनबढ़ युवकों ने दुकान में घुसकर पीटा, 4 घायल
सारनाथ थाना क्षेत्र के रसूलगढ़ में शनिवार को एक विवाद के बाद मनबढ़ों ने दुकान में घुसकर दुकानदार की पिटाई कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। सुरेश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी किराने की दुकान है। मंगलवार को क्षेत्र का एक युवक डिस्पोजल ग्लास लेने पहुंचा। गिलास के दाम को लेकर नोकझोंक हो गई। रसूलगढ़ चौराहे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi Fire: रूई से सजाया गया था आत्मविश्वेश्वर महादेव मंदिर, तभी अचानक लगी आग; कई श्रद्धालु झुलसे
युवक से मारपीट और जान से मारने की दी धमकी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कृष्णा चौराहे पर तीन दिन पहले मारपीट और धमकी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। रसूलपुर निवासी मोहम्मद राशिद ने पुलिस को बताया कि 6 अगस्त को बाल कटवाने के लिए कृष्णापुर चौराहे पर गया था। घर लौटते समय रास्ते में सालिवानपुर के अंशु सिंह और हर्ष पांडेय ने उसे रोका और बिना कारण पिटाई और गालीगलौज की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाई से नाराज होकर वाराणसी पहुंची किशोरी
रक्षाबंधन पर भाई से नाराज होकर किशोरी शनिवार की शाम गाजीपुर से काशी के पांडेयपुर चौराहे पहुंच गई। किशोरी को अकेले भटकते देख पांडेयपुर पुलिस चौकी के कर्मियों ने पूछताछ की। चौकी प्रभारी ने सी-प्लान एप के माध्यम से कुंअरपुर के प्रधान से संपर्क किया और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन पांडेयपुर चौकी पहुंच गए जहां किशोरी को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
महिलाओं से चेन स्नेचिंग का आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं से चेन स्नेचिंग के आरोपी प्रेमशंकर उर्फ गोबरी को कपसेठी पुलिस ने शनिवार को कपसेठी स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के बरैनी का निवासी प्रेमशंकर है। कपसेठी पुलिस ने बताया कि दो सप्ताह पहले आरोपी ने रघुनाथपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास से महिला का बैग छीना था। बैग में मोबाइल, 500 रुपये और चाबी थी। पूर्व में साथी आरोपी सिकंदर अली को जेल भेजा जा चुका है।
अवैध निर्माण की वीडीए में शिकायत
आदमपुर क्षेत्र के घसियारी टोला (राजघाट) क्षेत्र में गली में कब्जा कर मकान बनाने की शिकायत विकास प्राधिकरण से लोगों ने की है। शनिवार को वीडीए में शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि गली में आधा फिट कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। चार फिट का बारजा भी निकाला गया है। शिकायत के बाद मौके पर वीडीए के जेई विनोद कुमार पहुंचे और निरीक्षण कर लौट गए, लेकिन निर्माण अब भी जारी है। ब्यूरो
पुलिस पर घायल की बाइक नहीं लौटाने का आरोप
छितौना गांव में 5 जुलाई को मारपीट के मामले में घायल संजय सिंह के परिजनों ने चौबेपुर पुलिस पर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि एक मंत्री के दबाव में पुलिस ने बाइक रख ली है। संजय सिंह के भाई नरेंद्र सिंह ने कई बार चौबेपुर थाने का चक्कर लगाया, लेकिन पुलिस ने बाइक नहीं दी। चौबेपुर प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही बाइक परिजनों को सौंप दी जाएगी।
पत्नी से विवाद के बाद ट्रेन के सामने कूदा, दाहिना पैर कटा
शिवपुर स्टेशन पर शुक्रवार रात पत्नी से विवाद के बाद युवक गंगा सतलुज ट्रेन के सामने कूद गया। गंभीर हालत में उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बसनी निवासी सुलेंद्र गौड़ (32) का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। रात 9.55 बजे वह शिवपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो से गुजर रही गंगा सतलुज एक्सप्रेस के सामने कूद गया। इस घटना में दाहिना पैर कट गया। आरपीएफ ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।
हमसफर से महिला यात्री का आभूषण से भरा बैग चोरी
मुंबई के कांदिवली पश्चिम के चारकोप निवासी सरोज देवी ने बताया कि 9 जुलाई को 19092 हमसफर एक्सप्रेस के कोच बी-6 में सवार होकर देवरिया से मुंबई के लिए रवाना हुईं। दूसरे दिन सुबह 4.48 बजे ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंची तो देखा कि हैंड पर्स चोरी कर लिया गया था। पर्स में दो लाख के आभूषण व कागजात के साथ ही डेबिट कार्ड भी था। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।
कार की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी पर केस
धोखाधड़ी के मामले में भेलूपुर पुलिस ने कामेश्वर महादेव गायघाट निवासी अनध शुक्ला के खिलाफ केस दर्ज किया है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवींद्रपुरी निवासी प्रतीक सराफ ने पुलिस को बताया कि आरोपी को वह पहले से जानते थे। 1 अप्रैल 2024 को उनकी कार मांग कर कुछ दिन के लिए ले गया था। कुछ दिन बीतने के बाद कार वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इस बीच प्रतीक के मोबाइल पर गोमती नगर थाना लखनऊ से कार के एक्सीडेंट होने का फोन आया और प्रतीक को थाने बुलाया गया। जिसके बाद प्रतीक ने अनध से गाड़ी ना या बदले में पैसे देकर कार ट्रांसफर कराने के लिए बोला। जिस पर अनध ने धमकी दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में केस दर्ज जांच की जा रही है।