Police Exam: अभ्यर्थियों के बाल पर हाथ फेरे, कान में उंगली डालकर चेकिंग; पुलिस भर्ती परीक्षा में अलर्ट
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा रविवार से जिले के छह केंद्रों पर शुरू हुई। पहली पाली में 2832 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा 8 से 10 जून तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी, मजिस्ट्रेट तैनाती और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
विस्तार
UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा रविवार से जिले में शुरू हो गई। पहले दिन की पहली पाली में 2832 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा आठ, नौ और 10 जून तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। छह पालियों में कुल 16,992 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
सोनभद्र में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने बालों पर हाथ फेरकर, कानों की जांच कर और फ्रिस्किंग के जरिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल की। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतजाम किए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि आरएसएम इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर और राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुडीलाडीह को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
एएसपी (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, चेकिंग, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा गया।
लोकेशन बारकोड से मिली सुविधा
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पुलिस विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों की लोकेशन से संबंधित बारकोड जारी किया गया है। बारकोड स्कैन कर अभ्यर्थी आसानी से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सके, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।