पुलिस ने पकड़ा ब्लैकमेलर: इमोशनल ब्लैकमेल कर मंगाता न्यूड फोटो, फिर सोशल मीडिया पर वायरल करने की देता था धमकी
जयपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक ब्लैकमेलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया ऐप लाइकी पर युवतियों से दोस्ती कर उनकी न्यूड फोटो लेकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।
यह कार्रवाई जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की पूर्व जिले की मालपुरा थाना पुलिस ने की है। पुलिस आरोपी को पकड़कर जयपुर ले गई। यहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि जयपुर निवासी पीड़ित युवती के अलावा आरोपी युवक ने दिल्ली, छत्तीसगढ़ व इंदौर की रहने वाली अन्य युवतियों के साथ भी इसी तरह सोशल मीडिया ऐप पर दोस्ती की। फिर चैटिंग के जरिए नजदीकियां बढ़ाकर इमोशनल कर दिया। उनके न्यूड फोटो मंगवा लिए।
इसके बाद युवती और उसके परिजनों को यह कहकर ब्लैकमेल करने लगा कि वह न्यूड फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है। अनुसंधान में उससे कई वारदातें खुलने की संभावना है।
वाराणसी का रहने वाला ब्लैकमेलर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज सिंह पुत्र लाल चन्द सिंह(19) के रूप में हुई है। वह फूलपुर थाना क्षेत्र के सेहमलपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन व सिम कार्ड जब्त कर लिए। जिनकी तकनीकी विशेषज्ञों से जांच करवाई जा रही है। इस संबंध में सांगानेर, जयपुर निवासी एक युवती ने मई महीने पहले मालपुरा थाने में एक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।