‘जन नायक’ की जन्मस्थली से पीएम मोदी का जनमानस को बड़ा संदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जय जवान, जय किसान का नारा देकर देश का अन्न भंडार भरने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्मस्थली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को बड़ा संदेश दिया। एयरपोर्ट परिसर में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के अनावरण में उनके परिजनों को बुलाकर शास्त्री जी के चाहने वालों की सराहना बटोरी।
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर आनंद कानन में नवग्रह वाटिका में पौधा रोपकर जल संचयन और पौधरोपण अभियान की भी शुरुआत की। संसद में आम बजट पेश होने के अगले ही दिन देश की उन्नति के लिए मजबूत अर्थव्यवस्था की आवश्यकता को मजबूत तर्कों के साथ सभी कसौटियों पर खरा बताया।
पीएम मोदी ने पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को पाने में किसान, नौजवान और आम आदमी की भागीदारी और देश की प्रगति का पाठ भी पढ़ाया। ईमानदारी, सौम्य व्यवहार और बेहतरीन कार्यशैली से जनता के नायक बने लाल बहादुर शास्त्री के बेटे और परिजनों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।
देश के दूसरे कांग्रेसनीत प्रधानमंत्री और उनके कार्यकाल को याद कर पीएम ने उनसे अपना जुड़ाव मजबूत किया। प्रतिमा अनावरण के दौरान शास्त्री जी के बेटे सुनील शास्त्री और अनिल शास्त्री की मुक्त कंठ से की गई प्रशंसा भी पूरे देश को अलग संदेश दे रही है। उनके बड़े पुत्र अनिल शास्त्री प्रदेश की कांग्रेस सरकार और छोटे पुत्र अनिल शास्त्री केंद्र की कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
पीएम मोदी ने जय जवान, जय किसान के नारे को याद कर शास्त्री जी के सपनों की याद दिलाई और किसानों से तिलहन उत्पादन बढ़ाने की अपील की। विदेशों से अनाज मंगाने का संकट दूर करने वाले पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की धरा से उन्होंने किसानों से खेत के एक तिहाई हिस्से में तिलहन उत्पादन का संदेश दिया है।
काशी की धरा से पीएम ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत कर जलसंचयन मुहिम को भी धार दी है। पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर आनंद कानन और नवग्रह वाटिका में पीएम ने पीपल का पौधा रोपा और फिर हर परिवार को बच्चे के नाम पर पौधरोपण की अपील की।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले बजट पर मिल रही प्रतिक्रियाओं पर भी प्रधानमंत्री ने न्यू इंडिया की परिकल्पना में मजबूत अर्थव्यवस्था का सपना दिखाया। उन्होंने परिश्रम से संकल्प और संकल्प से सिद्धी के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।
काशी से शुरू किया था स्वच्छता अभियान :
पीएम नरेंद्र मोदी ने पहले कार्यकाल में देशव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत भी काशी की धरा से की थी। 8 नवंबर 2014 को अस्सी घाट पर सफाई अभियान में शामिल होकर स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का नारा दिया था।