पीएम केयर्स फंड: बीएचयू अस्पताल के लिए आया ऑक्सीजन प्लांट जौनपुर में लगेगा, स्वास्थ्य मंत्रालय का फैसला
कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन प्लांट लगवाए जा रहे हैं। वाराणसी में कुल 23 प्लांट लगवाए जा चुके हैं।
विस्तार
पीएम केयर्स फंड से बीएचयू अस्पताल में लगने वाले 1000 एलपीएम के एक ऑक्सीजन प्लांट को अब जौनपुर में लगाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश के बाद अब बीएचयू में आए प्लांट को राजकीय मेडिकल कॉलेज जौनपुर भेजा जाएगा।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन प्लांट लगवाए जा रहे हैं। वर्तमान समय में बीएचयू अस्पताल, ट्रामा सेंटर, दीनदयाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, रामनगर अस्पताल समेत स्वास्थ्य केंद्रों को मिलाकर कुल 23 प्लांट लगवाए जा चुके हैं।
इसमें जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, बीएचयू ट्रामा सेंटर में 1-1, बीएचयू अस्पताल में पीएम केयर्स फंड से दो प्लांट लगाए गए हैं। बीएचयू में ही डीआरडीओ के सहयोग से एक और प्लांट लगना था। इसके लिए 1000 एलपीएम का प्लांट भी यहां आ गया था।
पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे भी बीएचयू अस्पताल में ही लगाने का निर्णय लिया था। इसके लिए स्पेशल वार्ड के पास जगह का चयन भी कर लिया गया था। अब इस प्लांट को यहां से वापस जौनपुर में लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।
कोरोना संक्रमण से फिर मुक्त हुई काशी
वाराणसी जिले में तीन दिन पहले एक महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद कोरोना संक्रमण की जद में आई काशी एक बार फिर बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को होम आइसोलेशन में रहने वाली महिला को स्वस्थ घोषित किया गया। अब जिले में कोई एक्टिव मरीज नहीं रह गया है। हालांकि अभी भी कोरोना जांच कराने वाले 1648 लोगों को रिपोर्ट का इंतजार है।
कोरोना संक्रमण की अगर बात करें तो इसी महीने तीन अक्तूबर को काशी कोरोना मुक्त हो गया था। इसी बीच 12 अक्तूबर को रविंद्रपुरी निवासी एक महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद फिर से एक्टिव केस वाले जिलों में काशी का नाम शामिल हो गया था। इस बीच बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली 3538 सैंपल की रिपोर्ट में कोई नया मरी
केंद्रों पर 12748 लोगों ने लगवाया कोविड का टीका
जिले में शहरी और ग्रामीण इलाकों में बृहस्पतिवार को 12748 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें सबसे अधिक 6597 ने पहली जबकि 6151 ने दूसरी डोज लगवाई। शुक्रवार को 77 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए गए केंद्राें पर काउंटर खुलने से पहले ही लोगों की लाइन लगनी शुरू हो जा रही है। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले टीकाकरण में 18 से 44 वर्ष के 11514 और 45 वर्ष से ऊपर के 1234 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसमें महिला स्पेशल एक केंद्र पर 86 और अंतरराष्ट्रीय स्पेशल एक केंद्र पर तीन लोगों ने टीका लगवाया। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से कोविन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग शुरू होगी।