वाराणसी में श्रमिकों से भरी पिकअप पलट जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल भेज दिया है। मृतकों में चार महिलाएं और एक किशोर शामिल है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस और आहोपुर गांव से श्रमिक रामगढ़ खैरा(मिर्जापुर) में मिर्च तोड़ाई के लिए जा रहे थे। इसमें करीब 40 महिलाएं और बच्चे सवार थे। रास्ते में जाते समय हरसोस से 22 किमी दूर मिर्जापुर के पास तिलंगा(वाराणसी) में खंभे से टकराकर पलट गई।
हादसे में बवना देवी(56) पत्नी बेचन प्रसाद, सुनरा देवी(56) पत्नी हीरा, जतना पटेल(65) प्रसिद्धि, आशीष(13) पुत्र राजनाथ और फूलकुमारी(65) की मौत हो गई। वहीं दर्जनों महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुन मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। जिन्होंने घायलों को पिकअप से बाहर निकाला।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिन्नी में इलाज के लिए भेज दिया। कई लोगों की गभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है। इसके बाद जिन्हें जिला अस्पताल में भेजा गया, उनमें से सुनरा देवी और जतना पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं मृतकों के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है, गंभीर रूप से घायलों में बेबी, सुमन, उजाला, नीलम, परसिद्धी, जतना, बुक्की और सरिता शामिल हैं। वहीं साथ में चार लड़कियां भी हादसे में घायल हुई हैं।