यूपी: आजमगढ़ में फूलपुर कोतवाल की कोरोना से मौत, लखनऊ में करा रहे थे इलाज
आजमगढ़ जिले के फूलपुर के कोतवाल शेरसिंह तोमर का करोना संक्रमण से लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। पिछले दिनों तबीयत खराब होने पर वो इलाज के लखनऊ गए थे। उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। नस में इंफेक्शन होने के कारण रविवार रात उनकी मौत हो गई। उनके निधन से पुलिस मकहमे और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कोरोना संक्रमण से फूलपुर कोतवाली बुरी तरह प्रभावित है। 20-25 दिन पहले कोतवाली में 11 लोग संक्रमित मिले थे। सीएचसी फूलपुर डॉ. रामाशीष ने बताया कि प्रभारी शेर सिंह तोमर की भी दो बार एंटीजेन किट से जांच हुई थी। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
आरटी-पीसीआर जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजा गया था। वहां से सैंपल को सस्पेक्टेड बताते हुए फिर से सैंपल मांगा गया था। इस बीच उनकी तबयित खराब होने पर उन्हें फूलपुर के प्राइवेट ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में दिक्कत बढ़ने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया था।
वहां उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। वहीं पर उनको आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा था। इंस्पेक्टर शेर सिंह तोमर की रविवार रात तीन बजे नसों में इंफेक्शन की वजह से मौत हो गई।
मौत की पुष्टि एसपी ग्रामीण सिर्द्धाथ ने की है। उन्होंने लगभग आठ माह पूर्व कोतवाली फूलपुर का चार्ज सम्भाला था। इंस्पेक्टर शेर सिंह तोमर व्यवहार कुशल ऑफिसर थे।