EO आत्महत्या: परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल, चालक को छोड़ अभी कोई गिरफ्तार नहीं हुआ
बलिया जिले के मनियर नगर पंचायत की ईओ मणि मंजरी राय के परिजन मौत के 12 दिन बीत जाने के बाद भी वाहन चालक को छोड़ किसी अन्य की गिरफ्तारी न होने से बेहद नाराज हैं। परिजनों ने कहा कि इस मामले की सीबीआई से जांच के लिए मांग की गई है। अगर आवश्यकता पड़ी तो आगे की भी कार्रवाई करेंगे।
ईओ मणि मंजरी के भाई विजयानन्द राय ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि पुलिस ने अब तक की कार्रवाई पर संतोषजनक कार्य नहीं किया है। घटना के दिन ही पुलिस इस मामले में गंभीर व संवेदनशील नजर नहीं दिखी। अब तक पुलिस ने केवल चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि शेष आरोपी अब भी घूम रहे हैं और बचने के लिए दावपेंच चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम लोग इस मामले की सीबीआई से जांच की मांग की है। उन्होंने दो दिन पहले जिलाधिकारी को जांच को लेकर अपना लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है। जिलाधिकारी ने निष्पक्ष जांच का अवश्य भरोसा दिलाया है, लेकिन आरोपी शासित दल से जुड़े व धन बल से रसूखदार हैं।
ऐसे में उनके परिवार को सीबीआई जांच से ही न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता एक अन्य आरोपी अखिलेश के साथ बाइक पर नगर पंचायत की फाइल लेते जाता स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने आज तक नगर पंचायत के रिकॉर्ड को नही खंगाला। पुलिस अब तक इस घटना में वाहन चालक चंदन के जरिए तरह-तरह की कहानी गढ़ रही है, जो अपना बयान बार बार अलग-अलग दे रहा है। पुलिस मामले को लेकर गंभीर रहती तो सभी आरोपी अब तक कानून के शिकंजे में रहते।