UP Politics: राहुल गांधी ने की धान की रोपाई तो ओमप्रकाश राजभर ने ली चुटकी, मायावती की तारीफ में पढ़े कसीदे
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को आशापुर में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। मीडिया से बातचीत में सुभासपा अध्यक्ष ने बसपा प्रमुख मायावती की तारीफ तो वहीं सपा सुप्रीमो पर जकर बरसे।
विस्तार
कभी भाजपा तो कभी सपा के सहयोगी रहे सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर इन दिनों सियासी खबरों की सुर्खियों में हैं। शनिवार को वाराणसी में अपनी पार्टी की समीक्षा बैठक करने आए राजभर ने राहुल गांधी के धान रोपने की तस्वीर पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि हम तो हेमा मालिनी को भी धान काटते हुए देखे हैं। इसमें क्या है? डॉ. आंबेडकर का धन्यवाद कि उनकी वजह से बड़े-बड़े लोग और उद्योगपति आज धान काट रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में सुभासपा अध्यक्ष ने बसपा प्रमुख मायावती की तारीफ तो वहीं सपा सुप्रीमो पर जकर बरसे। सुभासपा प्रमुख ने शनिवार को आशापुर में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
ये भी पढ़ें: SDM ज्योति और पति आलोक के विवाद पर ओपी राजभर का बड़ा बयान, एक महिला ने पति को छोड़ा तो...
विपक्षी एकता के लिए मायावती जरूरी
इसके बाद मीडिया से बातचीत में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की तारीफ की और कहा कि वह प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे बड़ा चेहरा हैं। अब तक सामान्य व ओबीसी कोटे से प्रधानमंत्री बन चुके हैं। अनुसूचित जाति का प्रधानमंत्री भी बनना चाहिए। इस वर्ग में मायावती से बड़ा कोई चेहरा नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता के लिए मायावती जरूरी हैं।
अखिलेश यादव को गठबंधन का तरीका नहीं मालूम
राजभर ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें गठबंधन का तरीका नहीं मालूम है। सबके साथ उन्होंने समझौता किया लेकिन उनकी किसी से जमती ही नहीं है। अखिलेश को सीखने की आवश्यकता है। शिवपाल यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव अपनी पार्टी बनाकर बड़ा भारी बन रहे थे। बाद में उन्हें अपनी पार्टी का विलय करना पड़ा। हमारी चिंता शिवपाल न करें।
समाजवादी पार्टी के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक फैक्टर पर कहा कि सामान्य वर्ग के नेताओं को सपा से इस्तीफा दे देना चाहिए। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सात अक्तूबर को पटना के गांधी मैदान में वंचित-शोषित जागरण महारैली करेंगे। इस बीच लोगों से मिलते रहेंगे।