BHU अस्पताल में फेंक दिया नवजात: कुत्ता लेकर भाग रहा था, मोर्चरी में रखवाया गया शव; खंगाले जा रहे कैमरे
Varanasi News: बीएचयू अस्पताल परिसर में बाल रोग विभाग के पास एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। लोगों ने कुत्ते को नवजात को मुंह में दबाकर ले जाते देखा, तब घटना का पता चला। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। नवजात को वहां छोड़ने वाले की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
विस्तार
Varanasi News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) अस्पताल परिसर में बृहस्पतिवार रात एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अस्पताल परिसर में एक कुत्ते को नवजात के शव को मुंह में दबाकर ले जाते देख लोगों की नजर पड़ी, जिसके बाद घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन और पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीएचयू अस्पताल में बाल रोग विभाग और ईएनटी विभाग के सामने स्थित छोटे गेट के पास किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात को छोड़ दिया गया था। यह स्थान अस्पताल के व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां से मरीज और तीमारदारों का लगातार आवागमन बना रहता है। इसके अलावा क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी रहती है।
बताया जाता है कि देर रात लोगों ने एक कुत्ते को नवजात के शव को मुंह में दबाकर घूमते देखा। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गार्डों ने देखा कि कुत्ते ने नवजात के शरीर के कुछ हिस्सों को नोंच दिया था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बीएचयू चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में नवजात के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया था।
गौरतलब है कि बीएचयू अस्पताल परिसर में इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है। अक्तूबर 2023 में भी अस्पताल परिसर में नवजात का शव मिलने का मामला प्रकाश में आया था। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि नवजात के शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।