वाराणसी: नए साल के पहले दिन कार्यालयों में फरियादियों की संख्या रही कम
वाराणसी में नए साल के पहले दिन सरकारी कार्यालयों में फरियादियों की संख्या काफी कम रही। विकास भवन में सीडीओ मधुसूदन हुल्गी समेत सभी विभागों के अधिकारी समय से पहुंच गए थे। इक्का-दुक्का कार्यालयों में ही फरियादी दिखे। अधिकारी कर्मचारी एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते रहे। शाम को 4 बजे सीडीओ ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आज शाम 5 बजे के बाद वह घर चले जाएं। सामान्य दिनों में रात 8 बजे तक चलने वाले विकास भवन में आज पांच बजे के बाद ताला बंद हो गया।
नगर निगम में भी सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से पहुंच गए थे। फील्ड के कर्मचारियों ने हस्ताक्षर करने के बाद क्षेत्र में निकल गए। सिगरा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में भी अधिकारी और कर्मचारी समय से पहुंच गए थे। फरियादियों की संख्या न के बराबर रही। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी समय से आ गए थे।
नए साल पर उमड़ी भीड़, यातायात व्यवस्था रही ध्वस्त
नए साल के पहले दिन शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही। खास करके सारनाथ, अस्सी, लंका और गोदौलिया सहित गंगा घाट किनारे वाले इलाके में जाम से लोगों को काफी परेशानियां हुई। शाम के समय अस्सी घाट की ओर इतनी भीड़ उमड़ी कि घंटे भर तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा। सड़कों पर बेतरतीब खड़ी चार पहिया और दुपहिया वाहनों के चलते जाम से लोगों को जूझना पड़ा। लंका चौराहे पर चारों तरफ से यातायात बाधित रहा। लंका-नरिया मार्ग पर कई बार ऐसा हुआ कि एम्बुलेंस फंसी रही। वहीं पुलिस ने कई वाहनों का चालान भी किया। अस्सी इलाके में जबरदस्त जाम से स्थानीय और बाहर से आए सैलानियों को काफी दिक्कत हुई।
नए साल पर गंगा घाटों पर हर साल बहुत भीड़ उमड़ती है। इस बार भी युवाओं की काफी भीड़ उमड़ी और छुट्टी का दिन होने के चलते परिवार के संग भी लोग अस्सी घाट और उस पर रेत पर सुबह से लेकर शाम तक समय गुजारे। इसके कारण अस्सी इलाके में वाहनों का दबाव अधिक हो गया। पार्किंग स्थल भर गया तो सड़क की दोनों पटरियों पर गाडिय़ां खड़ी कराई गईं। अस्सी-नगवां और अस्सी चौराहे से पहले तक बेतरतीब तरीके से खड़ी गाडिय़ों के चलते दोपहर से लेकर शाम 6 बजे तक जाम जैसा माहौल रहा। जाम जब बढ़ा तब पुलिस सड़क पर उतरी और जाम छुड़ाने में जुटी।
सारनाथ में उमड़ी अधिक भीड़
सारनाथ क्षेत्र में संग्रहालय भ्रमण को लेकर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। हालांकि यहां पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की ओर से काफी चाक चौबंद व्यवस्था रही। वरुणापार क्षेत्र में वाहनों का दबाव अधिक होने के चलते पूरे समय तक जाम बना रहा। नदेसर और अंधरापुल इलाके में लोग जाम से हलाकान हुए। इसी तरह गिरजाघर चौराहे पर जाम से लोगों को परेशान होना पड़ा।