फुटबॉल प्रतियोगिता: पहले हाफ तक 2-1 की बढ़त, दूसरे हाफ के 62वें मिनट के गोल से बराबरी पर छूटा मुकाबला
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंटर काशी व ओडिशा एफसी के बीच का कड़ा मुकाबला हुआ। इस दौरान पहले हाफ तक 2-1 की बढ़त, दूसरे हाफ के 62वें मिनट के गोल से बराबरी पर मुकाबला छूटा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लीग मुकाबले में इंटर काशी व ओडिशा एफसी के बीच का मुकाबला कड़ी टक्कर के बाद 2-2 गोल से बराबरी पर रहा। पहले हाफ में 2-1 की बढ़त के बाद इंटर काशी ने 62वें मिनट में बढ़त गंवा दी। भारतीय फुटबॉल महासंघ की ओर से अंडर-17 एलिट यूथ फुटबॉल लीग के तहत बुधवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में लीग मैच खेला गया।
मैच के शुरुआती दौर से दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक दूसरे पर आक्रमणों की झड़ी लगा दी। खेल के 7वें मिनट में मोहम्मद कैफ की जोरदार किक गोल में न जाकर बाहर से टकराकर वापस चली आई। इससे ओडिशा एफसी ने राहत की सांस ली। खेल के 11वें मिनट में ओडिशा एफसी के गुलशन के पास पर विकास ने जोरदार सूटकर गोल पोस्ट में मारी और इंटर काशी के गोलकीपर सत्यम यादव ने शानदार बचाव कर अपनी टीम का संकट टाला।
18वें मिनट में निशांत के पास पर गौरव चौहान ने खाली गोल पोस्ट में बॉल को गोल पोस्ट में ना डालकर बाहर की दिशा दी, जिससे इंटर काशी ने गोल करने का आसान मौका गंवा दिया। खेल के 20वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर का ओडिशा के गोलकीपर नसीरुद्दीन ने शानदार बचाव किया। खेल के 22वें मिनट में राहुल के पास पर बिधर तिरीया ने शानदार गोल कर ओडिशा को 1-0 की बढ़त दिला दी।
एक गोल से पिछड़ने के बाद मेजबान इंटर काशी ने भी लंबे-लंबे पास के सहारे ओडिशा पर दबाव बनाए रखा, लेकिन ओडिशा की मजबूत रक्षा पंक्ति के खिलाड़ियों की ओर से शानदार बचाव करने पर मेजबान टीम को गोल करने में सफलता नहीं मिली। खेल के 26वें मिनट में मोहम्मद कैफ ने दो खिलाड़ियों को चकमा देकर बॉल को जाल में उलझा कर इंटर काशी को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया।
खेल के 28वें मिनट में राहुल सिंह ने एकल प्रयास से ओडिशा की रक्षा पंक्ति को चकमा देते हुए शानदार गोल कर मेजबान इंटर काशी को 2-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। पहला हाफ इसी स्कोर पर समाप्त हुआ। खेल के दूसरे हाफ में मेजबान इंटर काशी के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी ओडिशा की टीम पर दबाव बनाए रखा और उभरने का मौका नहीं दिया।
बीच-बीच में मेहमान टीम ओडिशा एफसी ने बराबरी का गोल करने का प्रयास किया, लेकिन इंटर काशी के गोलकीपर सत्यम यादव ने सटीक बचाव किया। खेल के 62वें मिनट में मिले पेनाल्टी किक को रईस अहमद खान ने गोल में बदलकर ओडिशा को दो-दो की बराबरी पर पहुंचा दिया। इस स्कोर के साथ रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा। इस दौरान मैच कमिश्नर नौशाद अहमद तथा मेहरुद्दीन खान, रमेश चंद्र जैसल, संजय पटेल, अतुल कुमार मौजूद रहे।