Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर निर्माण में मुस्लिम छात्रा इकरा अनवर की आस्था हाथ में बनवाया श्रीराम नाम का टैटू
अयोध्या में राम मंदिर के लिए पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन को लेकर काशी में भी उत्साह दिख रहा है। कुछ लोग अयोध्या कूच कर गए, तो कुछ जाने की तैयारी में है। इसी तरह श्रीराम के नाम के टैटू बनवाने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।
वाराणसी के सिगरा स्थित एक टैटू की दुकान पर काशी विद्यापीठ विधि संकाय की छात्रा इकरा अनवर ने भी अपने हाथों पर श्रीराम का टैटू बनवाया है। जिसे इस छात्रा की भगवान श्रीराम के प्रति आस्था मानी जा रही है।
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर के हनुमानपुर निवासी इकरा अनवर ने बताया कि श्रीराम से बड़ा कोई भगवान नहीं है। सालों बाद श्रीराम ऐतिहासिक पल के हम सभी साक्षी बनेंगे। इस पल को यादगार बनाने के लिए ही हाथ पर टैटू बनाया है।
इकरा के टैटू बनवाने पर बड़ी संख्या में लोगों ने बधाई दी है। इकरा के पिता अनवर और भाई यासिर भी श्रीराम मंदिर के निर्माण से खुश हैं। दुकानदार अशोक गोगिया ने बताया कि इस वक्त लोग प्रभु श्रीराम का टैटू अधिक बनवा रहे हैं। इकरा ने भी श्रीराम का टैटू बनवाया है।
इकरा की कॉलर ट्यून नमो नमो शंकरा
इकरा अनवर की आस्था हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों में है। वह कहती हैं कि मैं मंदिर भी जाती हूं और घर में नमाज भी पढ़ती हूं। इकरा ने अपने मोबाइल नंबर पर कॉलर ट्यूर नमो नमो शंकरा लगाई है। जब लोग फोन करते हैं तो उन्हें यह धुन सनाई पड़ती है।