वाराणसी: मुखबिरी के शक में हुई थी युवक की हत्या, हाथ-पैर बांधकर पोखरे में फेंका मिला था शव, एक आरोपी गिरफ्तार
पांच जनवरी की सुबह वाराणसी के कादीपुर गांव के पोखरे में एक युवक का शव उतराया मिला था। युवक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और सीने पर पत्थर बंधा हुआ था। पुलिस ने इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा गुरुवार को किया।
विस्तार
वाराणसी के मंडुवाडीह निवासी कमल भारद्वाज की हत्या मुखबिरी की शक में हुई थी। हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी छोटू सोनी उर्फ परमेश्वर को क्राइम ब्रांच और रोहनिया पुलिस ने गुरुवार सुबह लठिया तिराहे से गिरफ्तार किया। उसके पास से कमल भारद्वाज का आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद हुआ। \\
वहीं हत्या का मुख्य आरोपी नान्हू यादव घटना को अंजाम देने के बाद दूसरे आपराधिक मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। जिसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पांच जनवरी को रस्सी से बंधा हुआ कमल का शव कादीपुर स्थित पोखरे में मिला था।
बदले की आग में दिया वारदात को अंजाम
सीओ सदर अखिलेश राय के अनुसार तफ्तीश में सामने आया कि आपराधिक प्रवृत्ति के कमल की हत्या उसके करीबियों ने ही की है। क्राइम ब्रांच निरीक्षक अश्विनी चतुर्वेदी, रजनीश त्रिपाठी को सूचना मिली कि कादीपुर में कमल की हत्या में आरोपी मंडुवाडीह थाना अंतर्गत गुग्गुलपुर निवासी छोटू सोनी उर्फ परमेश्वर लठिया तिराहे पर मौजूद है।
इस पर टीम ने रोहनिया थाना प्रभारी विमल मिश्रा को साथ लेकर घेराबंदी कर सुबह छोटू को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में छोटू ने बताया कि कमल भारद्वाज की हत्या मंडुवाडीह के पहाड़ी निवासी नान्हू यादव ने की थी। घटना वाले दिन नान्हू ने फोन कर मुझे लठिया तिराहे पर बुलाया और कमल भारद्वाज भी वहां पहुंचा। सभी ने साथ में शराब पी।
जब कमल नशे में धुत होकर अचेत हुआ तो नान्हू ने कहा कि दो साल पूर्व कमल ने मुखबिरी कर मुझे जेल भिजवाया था। उसका बदला इसकी हत्या कर लेगा। इसके बाद हमने उसका बेल्ट खोला और गले को कसते हुए नान्हू ने दीवार से टकराकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को एक बोरे में पत्थर ईंट भरकर पोखरे में फेंक और वहां से 100 मीटर दूर पर उसके बेल्ट व जैकेट को जलाकर बाइक से भाग निकले थे।
पढ़ेंः नीट सॉल्वर गैंग: 15वां आरोपी चिकित्सक लखनऊ से गिरफ्तार, पहले भी दो बार जा चुका है जेल
नान्हू पर दर्ज है बनारस सहित गाजीपुर में कई मुकदमे
क्षेत्राधिकारी सदर अखिलेश राय ने बताया कि नान्हू यादव पर वाराणसी व गाजीपुर में 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह बात भी सामने आई कि घटना के दूसरे दिन नान्हू अपने एक पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। मंडुवाडीह के रहने वाले कमल राजभर पर भी वाराणसी के विभिन्न थानों में 10 मुकदमे दर्ज थे।
26 दिसंबर को घर से गायब रहने के दौरान पांच जनवरी को कमल का शव पोखरे में मिला था। इस पर कमल के पिता मदन लाल राजभर ने प्रेम प्रसंग में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं नामजद आरोपियों के परिजन ने पुलिस की कार्यशैली की तारीफ की। बोले, पुलिस ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया।