यूपी: घर में सो रही थी मां और बेटी, हमलावरों ने दोनों को घोंपा चाकू, मां की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव में शुक्रवार रात साढ़े दस बजे घर में घुसे हमलावर ने मां और बेटी को चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय मां की मौत हो गई जबकि घायल बेटी को वहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया।
एसपी देवेंद्र नाथ और एएसपी संजय कुमार घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के जल्द खुलासा का निर्देश दिया। पुलिस ने मृतका के पति उमेश वर्मा की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
श्रीनगर निवासी उमेश वर्मा शुक्रवार रात पुत्र रवि कुमार(19) के साथ कमरे में सो रहे थे। बगल के कमरे में उनकी पत्नी बिंदू देवी(45) और पुत्री अंशु वर्मा(16) सोई थी। रात साढ़े 10 बजे घर में घुसे हमलावर ने बिंदू और अंशु पर चाकू से वार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आसपास के लोगों के मुताबिक बगल के सरस्वती पूजा पंडाल में लाउडस्पीकर बजने से किसी को घटना की भनक नहीं लगी। यहां तक कि बगल के कमरे में सो रहे बाप-बेटे को भी जानकारी नहीं हुई। हमलावर के भागने के बाद बिंदू ने किसी तरह पति को जगाया। इसके बाद उमेश ने फोन कर पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया।
मां-बेटी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने बिंदू देवी को मृत घोषित कर दिया जबकि अंशु की हालत गंभीर देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक पड़ोस के एक व्यक्ति से घरेलू विवाद में मारपीट की घटना पहले हुई थी लेकिन उसे लेकर हत्या नहीं हो सकती है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का जल्द ही पर्दाफाश कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा।