UP: वाराणसी में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का बुलडोजर से स्वागत, समर्थकों ने की फूलों की बारिश; कई जगह जाम
Varanasi News: हंसराज विश्वकर्मा के वाराणसी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडुवाडीह, गिलट बाजार, बरेका और भिखारीपुर समेत कई स्थानों पर जोरदार स्वागत किया। फूल बरसाने और काफिले के कारण कई चौराहों पर जाम लगा रहा। वहीं दिलीप पटेल बाइक से कार्यालय पहुंचे और पेट्रोल बचत का संदेश दिया।
विस्तार
UP Politics: हंसराज विश्वकर्मा का बृहस्पतिवार को वाराणसी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के चलते कई प्रमुख चौराहों पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
राज्यमंत्री के स्वागत को लेकर मंडुवाडीह चौराहे पर विशेष तैयारी की गई थी। यहां चार बुलडोजर खड़े किए गए थे, जिन पर भाजपा समर्थक मौजूद रहे। जैसे ही हंसराज विश्वकर्मा का काफिला वहां पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। उनके काफिले में दस से अधिक वाहन शामिल थे, जिनमें कार्यकर्ता सवार थे।
सियासी हलचल तेज
मंडुवाडीह पहुंचने से पहले शिवपुर क्षेत्र के गिलट बाजार तिराहे पर भी सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद बरेका के सामने और भिखारीपुर चौराहे पर भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर जगह कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद राज्यमंत्री सुंदरपुर स्थित अपने आवास की ओर रवाना हुए, जहां भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। शाम के समय अलग-अलग स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों और काफिले के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, दिलीप पटेल भी बृहस्पतिवार को अलग अंदाज में नजर आए। वह रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय बाइक से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल बचाने का संदेश देते हुए कहा कि यदि सभी नागरिक प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी मात्रा में तेल की बचत करें तो यह राष्ट्रहित में बड़ा योगदान साबित होगा। उनके इस संदेश की पार्टी कार्यकर्ताओं ने सराहना की।