नगर पंचायत की ईओ के सुसाइड नोट में लिखे इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मनियर नगर पंचायत की ईओ(अधिशासी अधिकारी) मणि मंजरी राय की मौत से हड़कंप मच गया है। मणि मंजरी राय ने सोमवार की देर रात पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है।
आत्महत्या की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिशासी अधिकारी गाजीपुर जिले के थाना भांवर कोल की रहने वाली थीं। उन्होंने दो साल पहले मनियर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था।
बरामद हुए सुसाइड नोट में लिखा है कि 'वह दिल्ली, मुंबई से बचकर बलिया चली आईं। लेकिन यहां उन्हें रणनीति के तहत फंसाया गया है, इससे वह काफी दुखी हैं। लिहाजा उनके पास आत्महत्या करने के सिवाय कोई विकल्प नहीं है।'
अधिशासी अधिकारी को किसने फंसाया? इसमें कौन-कौन लोग हैं? पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले की छानबीन जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह, कोतवाल विपिन सिंह समेत उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बलिया के पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ ने बताया कि मनियर की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय ने सुसाइड क्यों की, यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि उन्होंने कमरे में सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें स्वयं को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।